1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली ब्लास्ट का नया VIDEO आया सामने, धमाका होते ही कई फीट ऊंचे उड़े वाहनों के परखच्चे

दिल्ली ब्लास्ट का नया VIDEO आया सामने, धमाका होते ही कई फीट ऊंचे उड़े वाहनों के परखच्चे

 Reported By: Atul Bhatia, Edited By: Niraj Kumar
 Published : Nov 12, 2025 11:14 pm IST,  Updated : Nov 12, 2025 11:28 pm IST

राजधानी दिल्ली में हुए आतंकी हमले का नया वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि रेड लाइट पर जैसे ही गाड़ियों की रफ्तार थमने लगी तभी जोरदार धमाका हुआ।

Delhi blast- India TV Hindi
धमाके के ठीक पहले और बाद की तस्वीर Image Source : REPORTER INPUT

नई दिल्ली:  दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार शाम को कार में हुए ब्लास्ट का नया वीडियो (सीसीटीवी फुटेज) सामने आया है। इस आतंकी हमले में 12 लोगों की मौत हो गई जबकि 30 लोग घायल हुए थे। इस नए वीडियो में साफ दिख रहा है कि जिस वक्त धमाका हुआ उस वक्त सड़क पर वाहनों की भरमार थी। सभी गाड़ियां रेड लाइट होते ही रुकने ही वाली थी कि तभी जोरदार धमाका हुआ। यह धमाका इतना जोरदार था कि वाहनों के परखच्चे कई फीट ऊंचे उड़ गए। वीडियो में साफ दिख रहा है कि ब्लास्ट होते ही कई वाहन हवा में कई फीट ऊंचे उड़ गए।

दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई

लाल किला के पास कार में हुए ब्लास्ट के बाद दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की तुरंत पुलिस को जानकारी देने का आग्रह किया। संसद परिसर, कनॉट प्लेस और रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थानों के आसपास ऐसी एनाउंसमेंट सुनी गईं। पुलिस की टीम भीड़भाड़ वाले बाजारों और बस टर्मिनल में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से सतर्क रहने और लावारिस बैग या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी नजदीकी पुलिस चौकी को देने का अनुरोध करती दिखीं।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह कदम किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में जागरुकता अभियान का हिस्सा है। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हमने गश्त बढ़ा दी है और लोगों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु के बारे में जागरुकता बढ़ाने के लिए सूचनाएं जारी की जा रही हैं। सभी अधिकारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि सभी जिलों में, खासकर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में कड़ी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त चौकियां तैनात की गई हैं और राष्ट्रीय राजधानी के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इसका उद्देश्य न केवल सुरक्षा बढ़ाना है, बल्कि नागरिकों को आश्वस्त करना और सतर्कता बनाए रखने में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना भी है

पीएम मोदी ने सीसीएस की बैठक ली

आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  सीसीएस की अहम बैठक ली। उन्होंने ब्लास्ट के दोषी आतंकियों का सिंडिकेट खत्म करने का प्रण लिया। सीसीएस के बाद कैबिनेट की भी बैठक हुई। कैबिनेट ने एक प्रस्ताव पारित कर दिल्ली ब्लास्ट को जघन्य आतंकवादी घटना करार दिया और इस हमले की कड़ी निंदा की। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी के साथ कैबिनेट ने 2 मिनट का मौन रखा और मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। 

इससे पहले पीएम मोदी ने ब्लास्ट में घायल लोगों से  एलएनजेपी अस्पताल में मुलाकात की। उन्होंने कहा अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। प्रधानमंत्री लगभग 25 मिनट तक अस्पताल में रहे। मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली में बम विस्फोट में घायल हुए लोगों से मिलने एलएनजेपी अस्पताल गया। सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इस साजिश के पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा!’’

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।