वेस्टइंडीज की टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज शानदार जीत के साथ किया है, जिसमें उन्होंने स्कॉटलैंड की टीम के खिलाफ हुए मुकाबले को 35 रनों से अपने नाम किया। इस मैच में विंडीज टीम को जीत दिलाने में 2 खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई जिसमें शिमरन हेटमायर और रोमारियो शेफर्ड का नाम शामिल है। हेटमायर ने जहां बल्ले से कमाल दिखाया तो वहीं रोमारियो शेफर्ड गेंद से कमाल दिखाने में कामयाब रहे, जिसमें उन्होंने इस मैच में हैट्रिक लेने का कारनामा भी किया, जिसके साथ वह एक खास लिस्ट का भी हिस्सा बन गए।
स्कॉटलैंड की 183 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए इस मैच में 16 ओवर्स का खेल खत्म होने पर 5 विकेट के नुकसान पर 132 रन बना लिए थे। इसके बाद वेस्टइंडीज की तरफ से पारी के 17वें ओवर में गेंदबाजी करने के लिए आए रोमारियो शेफर्ड ने पहली गेंद पर जहां सिर्फ एक रन दिया तो वहीं इसके बाद दूसरी गेंद पर उन्होंने मैथ्यू क्रॉस का विकेट हासिल कर लिया। ओवर की तीसरी गेंद पर शेफर्ड ने माइकल लीस्क को पवेलियन का रास्ता दिखाया जबकि चौथी गेंद पर उन्होंने ओलिवर डेविडसन का विकेट हासिल करने के साथ अपनी हैट्रिक पूरी की। वहीं इस ओवर की आखिरी गेंद पर शेफर्ड ने शाफयान शरीफ का भी विकेट हासिल किया और कुल 4 विकेट ओवर में लेने के साथ पूरे मुकाबले को ही पूरी तरह से पलट दिया। रोमारियो शेफर्ड ने इस मैच में सिर्फ 3 ओवर्स की गेंदबाजी की और 5 विकेट लेने में कामयाब रहे। इसी के साथ वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में वेस्टइंडीज की तरफ से हैट्रिक लेने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं।
रोमारियो शेफर्ड अब टी20 इंटरनेशनल में फुल मेंबर्स टीमों में सिर्फ चौथे ऐसे खिलाड़ी भी हो गए हैं जो 2 बार हैट्रिक लेने का कारनामा करने में कामयाब हो सके हैं। वहीं टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में शेफर्ड 9वें ऐसे खिलाड़ी हैं जो हैट्रिक लेने में कामयाब हो सके हैं।
ये भी पढ़ें
IND vs USA: सूर्या ने की सौरभ की ऐसी धुनाई, जयसूर्या का रिकॉर्ड हुआ धराशायी
IND vs USA: कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कोहली को छोड़ा पीछे, रोहित का रिकॉर्ड तोड़ने से गए चूक
संपादक की पसंद