1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. रेल यात्रियों को बड़ी राहत! 10 ट्रेनों का टिकट किराया होगा सस्ता, जानिए क्या है रेलवे की प्लानिंग?

रेल यात्रियों को बड़ी राहत! 10 ट्रेनों का टिकट किराया होगा सस्ता, जानिए क्या है रेलवे की प्लानिंग?

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Feb 07, 2026 10:32 pm IST,  Updated : Feb 07, 2026 11:16 pm IST

अगर आप अक्सर लंबी दूरी की ट्रेन यात्रा करते हैं, तो यह खबर आपकी जेब के लिए राहत भरी है। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। अप्रैल के मध्य से देश की 10 प्रमुख ट्रेनों से सुपरफास्ट का दर्जा हटा दिया जाएगा।

10 ट्रेनों का किराया...- India TV Hindi
10 ट्रेनों का किराया होगा सस्ता Image Source : CANVA

ट्रेन से सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से जिस मांग को यात्री उठा रहे थे, अब उस पर रेलवे ने बड़ा फैसला ले लिया है। अप्रैल के मध्य से देश की 10 प्रमुख ट्रेनों से सुपरफास्ट का दर्जा हटा दिया जाएगा। इसके साथ ही इन ट्रेनों का किराया भी कम हो जाएगा, जिससे आम यात्रियों की जेब पर पड़ने वाला बोझ घटेगा। खास बात यह है कि ये सभी ट्रेनें अब सामान्य एक्सप्रेस की श्रेणी में चलेंगी और इनके नंबर भी बदल दिए जाएंगे।

रेलवे की यह नई व्यवस्था 13 से 16 अप्रैल के बीच लागू होगी। जिन ट्रेनों से सुपरफास्ट का टैग हटाया जा रहा है, उनमें प्रयागराज रामबाग से हावड़ा जाने वाली विभूति एक्सप्रेस और हावड़ा से प्रयागराज जंक्शन होकर कालका जाने वाली नेताजी एक्सप्रेस प्रमुख हैं। विभूति एक्सप्रेस रामबाग से हावड़ा के बीच 31 स्टेशनों पर रुकती है, जबकि नेताजी एक्सप्रेस का ठहराव प्रयागराज जंक्शन समेत कुल 38 स्टेशनों पर है।

इसके अलावा वाराणसी और लखनऊ के रास्ते चलने वाली हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस, हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस और हावड़ा-जम्मूतवी हिमगिरि एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को भी सुपरफास्ट की लिस्ट से बाहर किया जा रहा है। इन ट्रेनों में ठहराव की संख्या काफी अधिक है, जिसके कारण इनका यात्रा समय सामान्य एक्सप्रेस ट्रेनों के बराबर हो गया था।

इन ट्रेनों से हटेगा सुपरफास्ट का दर्जा

ट्रेन का नाम मौजूदा नंबर नया नंबर प्रभावी तिथि
प्रयागराज रामबाग-हावड़ा, विभूति एक्सप्रेस 12334 13048 14 अप्रैल
हावड़ा-प्रयागराज रामबाग, विभूति एक्सप्रेस 12333 13047 13 अप्रैल
हावड़ा-कालका नेता जी एक्सप्रेस 12311 13051 13 अप्रैल
कालका-हावड़ा नेताजी एक्सप्रेस 12312 13052 15 अप्रैल
हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस 12327 13035 14 अप्रैल
देहरादून-हावड़ा उपासना एक्सप्रेस 12328 13036 15 अप्रैल
हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस 12369 13037 13 अप्रैल
देहरादून-हावड़ा कुंभ एक्सप्रेस 12370 13038 14 अप्रैल
हावड़ा-जम्मूतवी हिमगिरि एक्सप्रेस 12331 13041 14 अप्रैल
जम्मूतवी-हावड़ा हिमगिरि एक्सप्रेस 12332 13042 16 अप्रैल

अतिरिक्त शुल्क होगा कम

यात्रियों का कहना था कि जब ट्रेनें सुपरफास्ट की गति से नहीं चल रही हैं, तो अतिरिक्त शुल्क क्यों लिया जाए। रेलवे सुपरफास्ट ट्रेनों के नाम पर जनरल, स्लीपर और एसी कोच में अतिरिक्त चार्ज वसूलता है। उदाहरण के तौर पर, विभूति एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में 30 रुपये और एसी थ्री व एसी टू में 45 रुपये का अतिरिक्त शुल्क लिया जाता था।

रेलवे का क्या मानना?

अब सुपरफास्ट का दर्जा हटने के बाद यह अतिरिक्त किराया नहीं देना होगा। रेलवे का मानना है कि इससे किराया तर्कसंगत होगा और यात्रियों को सीधी राहत मिलेगी। कुल मिलाकर, यह फैसला उन यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है जो रोजमर्रा या लंबी दूरी की यात्रा ट्रेन से करते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा