सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम का आगाज काफी शानदार देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने ग्रुप-ए के अपने पहले मुकाबले में यूएसए की टीम को 29 रनों से मात देने के साथ जीत के साथ आगाज किया है। टीम इंडिया ने इस मुकाबले में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 9 विकेट के नुकसान पर 161 रनों का स्कोर बनाया था, जिसमें कप्तान सूर्यकुमार यादव की नाबाद 84 रनों की पारी ने अहम भूमिका निभाई। वहीं टारगेट का पीछा करने उतरी यूएसए की टीम 20 ओवर्स में 8 विकेट के नुकसान पर 132 रनों का स्कोर ही बनाने में कामयाब हो सकी। भारतीय टीम की तरफ से गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल का कमाल देखने को मिला। वहीं टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार मुकाबले जीतने के मामले में साउथ अफ्रीका के रिकॉर्ड को भी धराशायी कर दिया है। भारतीय टीम की ये टूर्नामेंट में लगातार 9वीं जीत है, जबकि पहले ये रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के नाम पर था, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 8 मैचों में जीत हासिल की थी।
सिराज-अक्षर और अर्शदीप के आगे बिखरे यूएसए के बल्लेबाज
यूएसए की टीम को इस मुकाबले में जीत हासिल करने के लिए 161 रनों का टारगेट मिला था, जिसका पीछा करते हुए उनकी शुरुआत काफी खराब देखने को मिली। दूसरे ओवर में ही यूएसए की टीम को पहला झटका एंड्रीस गौस के रूप में लगा जो सिर्फ 6 के निजी स्कोर पर मोहम्मद सिराज का शिकार बने। यूएसए की टीम ने 13 के स्कोर तक अपने 2 और विकेट कप्तान मोनांक पटेल और सैतेजा मुक्कमल्ला के रूप में गंवा दिया। यहां से मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ती ने पारी को संभालने का प्रयास किया जिसमें दोनों ने मिलकर स्कोर को पहले 6 ओवर्स में 31 रनों तक पहुंचा दिया। वहीं इसके बाद दोनों के बीच में चौथे विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी देखने को मिली।
मिलिंद कुमार इस मैच में 34 रनों की पारी खेलने के बाद वरुण चक्रवर्ती का शिकार बने। वहीं इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे शुभम रंजने ने भी इस मैच में 37 रनों की पारी खेली लेकिन वह अपनी टीम को जीत दिलाने में कामयाब नहीं हो सके। संजय कृष्णमूर्ती के बल्ले से भी 37 रनों की पारी देखने को मिली। यूएसए की टीम 20 ओवर्स में 8 विकेट के नुकसान पर 132 रनों का स्कोर ही बना सकी। वहीं टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज का कमाल देखने को मिला जिन्होंने कुल तीन विकेट हासिल किए, इसके अलावा अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल जहां 2-2 विकेट लेने में कामयाब रहे तो वहीं वरुण चक्रवर्ती ने एक विकेट हासिल किया।
खबर में अपडेट जारी है...