1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC रैंकिंग में जडेजा की 4 साल की बादशाहत खत्म, स्टार ऑलराउंडर पहली बार बना नबंर-1 टेस्ट बॉलर और ऑलराउंडर

ICC रैंकिंग में जडेजा की 4 साल की बादशाहत खत्म, स्टार ऑलराउंडर पहली बार बना नबंर-1 टेस्ट बॉलर और ऑलराउंडर

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 28, 2026 02:31 pm IST,  Updated : Oct 28, 2026 02:31 pm IST

ICC टेस्ट रैंकिंग में साउथ अफ्रीका के स्टार ऑलराउंडर मार्को यानसन ने तहलका मचा दिया है। मार्को यानसन भारत के रवींद्र जडेजा की बादशाहत को खत्म करते हुए टेस्ट में नंबर-1 ऑलराउंडर बन गए हैं।

ICC Rankings- India TV Hindi
मार्को यानसन और रवींद्र जडेजा Image Source : AFP

क्रिकेट के मैदान पर बल्ले और गेंद, दोनों से कमाल दिखाने वाले साउथ अफ्रीका के मार्को यानसन ने अब ICC रैंकिंग में भी अपनी धाक जमा दी है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन का उन्हें ऐसा इनाम मिला है कि वह पहली बार टेस्ट क्रिकेट में दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज और नंबर-1 ऑलराउंडर बन गए हैं। यानसन ने ऑलराउंडरों की रैंकिंग में भारत के दिग्गज रवींद्र जडेजा को पीछे छोड़ दिया, जो चार साल से अधिक समय से इस शीर्ष स्थान पर काबिज थे।

ICC की ताजा रैंकिंग में यानसन को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। साउथ अफ्रीका के इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गकेबरहा में खेले गए दूसरे टेस्ट में गेंद और बल्ले, दोनों से प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। उनकी टीम ने इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी की। यानसन ने मैच में बल्ले से 85 रन का योगदान दिया, जबकि ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में पांच विकेट लेकर उसकी बल्लेबाजी को झकझोर दिया। उनके इस प्रदर्शन ने न केवल साउथ अफ्रीका की जीत में अहम भूमिका निभाई, बल्कि ICC टेस्ट रैंकिंग में भी उनकी स्थिति को पूरी तरह बदल दिया।

जडेजा का 4 साल से ज्यादा का दबदबा खत्म

ताजा ICC टेस्ट रैंकिंग में यानसन टेस्ट गेंदबाजों की सूची में पांच स्थान ऊपर चढ़कर पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया। वहीं, टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग में एक स्थान की छलांग लगाकर उन्होंने जडेजा का लंबे समय से चला आ रहा दबदबा समाप्त कर दिया। यानसन को बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी फायदा हुआ है। वह 13 स्थान ऊपर उठकर टेस्ट बल्लेबाजों की सूची में 56वें नंबर पर पहुंच गए हैं। इस तरह ताजा अपडेट में उन्होंने रैंकिंग की तीनों कैटेगिरी में अपनी स्थिति बेहतर की है।

टेम्बा बावुमा की लंबी छलांग

साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने भी टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में शानदार छलांग लगाई है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 179 रन की बेहतरीन पारी खेलने वाले बावुमा चार स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में अब उनसे आगे केवल इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक हैं। टेस्ट गेंदबाजों की ICC रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के स्कॉट बोलैंड तीन स्थान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, साउथ अफ्रीका के स्पिनर साइमन हार्मर ने टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग में 15 स्थान की छलांग लगाकर आठवां स्थान हासिल किया है।

यह भी पढ़ें:

ICC रैंकिंग में अभिषेक शर्मा का धमाका, ईशान किशन से छीना नंबर-1 का ताज, कप्तान अय्यर 5 पायदान लुढ़के

आईसीसी रैंकिंग में टीम इंडिया को फायदा, तीन मैच जीतकर नंबर वन के करीब पहुंचा भारत

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।