1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में 44 लाख रुपये की लूट पर बड़ा खुलासा! कारोबारी के बेटे समेत 2 गिरफ्तार

दिल्ली में 44 लाख रुपये की लूट पर बड़ा खुलासा! कारोबारी के बेटे समेत 2 गिरफ्तार

शास्त्री नगर इलाके में 44 लाख रुपये की लूट मामले पर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पता चला है कि जिसने रकम दी थी, उसी के बेटे ने कैरियर को लूट लिया।

Delhi 44 Lakh Robbery- India TV Hindi
Image Source : PTI (प्रतीकात्मक फोटो) दिल्ली के शास्त्री नगर इलाके में 44 लाख रुपये की लूट पर बड़ा खुलासा हुआ है।

दिल्ली के शास्त्री नगर इलाके में कैरियर से 44 लाख रुपये लूटे जाने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि लूट की पूरी साजिश उस व्यक्ति के बेटे ने रची थी, जिसने कैरियर को रकम सौंपी थी। जानें ये पूरा मामला क्या है।

जिसने रकम दी उसी के बेटे ने लूट लिया

पुलिस के मुताबिक, 52 साल के जितेंद्र कुमार जो शास्त्री नगर में रहते हैं, ने शिकायत की थी कि वह अवधेश तिवारी से 44 लाख रुपये लेकर उसे राजकुमार तक पहुंचाने जा रहा था। एमएस पार्क स्थित ई-49 से रकम लेकर बाइक से निकलते ही एक शख्स ने उनकी बाइक रोक ली, जबकि दूसरे आरोपी ने उनका बैग लूट लिया। बैग में करीब 44 लाख रुपये कैश थे। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

कर्ज चुकाने के लिए लूट को दिया अंजाम

मामले में लूट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान, पुलिस को पता चला कि वारदात की साजिश अवधेश तिवारी के बेटे प्रभय तिवारी ने रची थी। पुलिस के अनुसार, प्रभय पर कर्ज था और उसे चुकाने के लिए उसने अपने पिता के जरिए कैरियर को दी गई रकम को लूटने की साजिश रची।

पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले आरोपी की पहचान शाहदरा के रहने वाले 26 साल के प्रभय तिवारी के रूप में हुई है। वहीं, दूसरा आरोपी 21 साल का सरब तिवारी उर्फ प्रफुल है। वह रामगंज, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।

वारदात में शामिल अन्य लोगों का पता लगा रही पुलिस

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और लूट की रकम व वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है। इससे पहले हाल ही में दिल्ली के अशोक विहार इलाके में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। बदमाशों ने घर में घुसकर 75 लाख रुपये की लूट की थी। पुलिस के अनुसार, 4 आरोपी जबरन एक घर में दाखिल हुए थे और चाकू की नोंक पर महिला को धमकाया था। फिर बदमाशों ने महिला के हाथ-पैर बांधकर कैश लेकर फरार हो गए थे।

ये भी पढ़ें- दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में दिनदहाड़े डकैती, 7-8 बदमाशों ने घर में घुसकर बनाया बंधक, 9 लाख नकद और जेवरात भी लूटे