राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में रविवार दोपहर दिनदहाड़े घर में घुसकर डकैती की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने एक परिवार को बंधक बनाकर करीब 9 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
दोपहर 3 बजे के आसपास हुई डकैती की वारदात
पुलिस के मुताबिक, दोपहर 3:22 बजे न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस को घर में डकैती की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शिकायतकर्ता हरीश चंदर, निवासी गली नंबर-2, न्यू उस्मानपुर से घटना की जानकारी ली।
7 से 8 बदमाश घर में घुसे
प्रारंभिक जांच में पता चला कि करीब 1:18 बजे एक व्यक्ति किसी काम के बहाने घर पहुंचा। कुछ ही देर बाद उसके साथ 7 से 8 अज्ञात बदमाश घर में घुस आए। आरोप है कि बदमाशों ने घर के सदस्यों को अपने कब्जे में लेकर नकदी और कीमती आभूषण लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने कई टीमों का किया गठन
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों के फरार होने के रूट का पता लगाने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
पिता ने नाबालिग बेटी से किया दुष्कर्म
वहीं, दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक व्यक्ति द्वारा अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में संबंधित धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
जान से मारने की भी दी धमकी
महेंद्र पार्क थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि 7 जुलाई को जब उसकी मां और 10 वर्षीय भाई घर पर नहीं थे, तब उसके पिता ने उससे बलात्कार किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे धमकी दी थी कि अगर उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया, तो वह उसे और उसकी मां को जान से मार देगा। (इनपुट भाषा के साथ)
ये भी पढ़ें:
6 जाली नोटों ने खोल दी पोल! दिल्ली पुलिस ने ध्वस्त किया अंतरराज्यीय नकली नोटों का बड़ा सिंडिकेट