1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में वायुसेना के रिटायर्ड जवान की पीट-पीटकर हत्या, बहू ने संपत्ति विवाद में ले ली जान

दिल्ली में वायुसेना के रिटायर्ड जवान की पीट-पीटकर हत्या, बहू ने संपत्ति विवाद में ले ली जान

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के बिंदापुर इलाके में एक बहू पर अपने ससुर की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। मृतक वायुसेना के रिटायर्ड कर्मी थे। ये हत्या संपत्ति विवाद को लेकर बताई जा रही है।

delhi airforce retired personnel killed- India TV Hindi
Image Source : PEXELS सांकेतिक फोटो।

राजधानी दिल्ली से अपराध की चौंका देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक महिला को संपत्ति के विवाद में अपने ही बुजुर्ग ससुर की पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी है। ये घटना दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के बिंदापुर इलाके में हुई है। मृतक नरेश कुमार (उम्र 62 वर्ष) वायुसेना के रिटायर्ड ऑफिसर थे। आइए जानते हैं कि इस वारदात के बारे में अब तक क्या पता लगा है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 27 दिसंबर की सुबह बिंदापुर के मनसाराम पार्क में हुई हत्या के संबंध में एक पीसीआर कॉल मिली थी। इसके बाद पुलिस की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। यहां पर वायुसेना के रिटायर्ड कर्मी नरेश कुमार छत पर बेहोश मिले। उनकी बहू गीता ने पुलिस को बताया कि नरेश को पीटा गया था और वह छत पर बेहोश पड़े थे। पुलिस के मुताबिक, नरेश को हॉस्पिटल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद 

जिस जगह पर नरेश को बेहोश पाया गया था वहां पर अपराध दल और FSL के विशेषज्ञों को बुलाया गया। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जानकारी दी है कि उन्हें जांच में ये बात पता लगी है कि संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके कारण गीता अक्सर अपने ससुर से झगड़ा करती थी। मृतक नरेश की पत्नी का बीते अगस्त महीने में ही निधन हो गया था। वहीं, गीता के पति हैदराबाद में काम करते हैं।

आरोपी को गिरफ्तार किया गया

वायुसेना के रिटायर्ड कर्मी नरेश कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने BNS की धारा 103(1) (हत्या) के तहत केस दर्ज कर लिया है। वहीं, आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने जानकारी दी है कि वह मामले में आगे की जांच कर रही है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- दिल्ली के शाहदरा में दो गुटों में मारपीट, नाबालिग बहनों से छेड़छाड़ के बाद गर्माया माहौल, पुलिस ने 3 को लिया हिरासत में

नए साल से पहले दिल्ली में ऑपरेशन आघात 3.0, आपराधिक मामलों से जुड़े 350 आरोपी गिरफ्तार, हथियार और अवैध सामान भी बरामद