नई दिल्लीः दिल्ली, नोएडा समेत पूछे एनसीआर में पिछले 24 घंटे से झमाझम बारिश हुई। इससे तापमान गिर गया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में (10 जुलाई की आधी रात तक) दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में 180-250 mm तक बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दिल्ली के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों के साथ-साथ नोएडा और गाज़ियाबाद में सबसे ज़्यादा बारिश होने की उम्मीद है। मध्य और दक्षिण दिल्ली, फ़रीदाबाद और गुरुग्राम के पूर्वी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली और पश्चिमी गुरुग्राम में तुलनात्मक रूप से कम, लेकिन फिर भी अच्छी-खासी बारिश होने की उम्मीद है।
शुक्रवार को कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है। सुबह से लेकर दोपहर तक आंधी/बिजली कड़कने की भी संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 33°C से 35°C और न्यूनतम तापमान 22°C से 24°C के बीच रहने की संभावना है। ज़्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी कम और अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहेगा।
वहीं, शनिवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह या दोपहर के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ आंधी/बिजली कड़कने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35°C से 37°C और 24°C से 26°C के बीच रहने की संभावना है। रविवार को भी आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे।
Image Source : ptiदिल्ली में जलभराव
कई घंटे हुई लगातार बारिश
बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में बुधवार से रुक रुककर बारिश हो रही है। 9 जुलाई की आधी रात से एनसीआर में दोपहर तक लगातार बारिश हुई। इससे कई जगहों पर पानी भर गया और सुबह आने-जाने में दिक्कतें हुईं। साथ ही, तापमान में गिरावट आई और दिल्ली-NCR में ठंडक महसूस की गई। लगातार बारिश के कारण ड्रेनेज सिस्टम पर दबाव पड़ा, जिससे कई अंडरपास और निचले इलाकों में पानी भर गया।गुरुवार को दिल्ली में लगातार हुई मानसून की बारिश ने सड़कों को जलमग्न कर दिया, पेड़ उखाड़ दिए और जगह-जगह ट्रैफिक जाम लगा दिया। इस बारिश की वजह से राजधानी की हवा सितंबर 2023 के बाद सबसे साफ़ रही। शहर के कुछ हिस्सों में 160 मिमी से ज़्यादा बारिश हुई।
ये भी पढ़ेंः भारी बारिश के कारण दिल्ली-यूपी के कई जिलों में स्कूल बंद, उत्तराखंड में भी जारी हुआ आदेश
गाजियाबाद में बारिश बनी काल, जलभराव के बीच घर के बाहर खेल रही 3 साल की मासूम की डूबने से मौत