1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. कोहरे की जद में आया पूरा दिल्ली-NCR, फ्लाइट-ट्रेन सब लेट; IGI एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी

कोहरे की जद में आया पूरा दिल्ली-NCR, फ्लाइट-ट्रेन सब लेट; IGI एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली-एनसीआर में सड़कों पर अंधेरा छाया हुआ है, ट्रैफिक की रफ्तार भी एकदम थम गई है। इस कोहरे का असर फ्लाइट और ट्रेनों पर भी पड़ा है इसलिए अगर आप ट्रैवल कर रहे हैं तो अपनी फ्लाइट या ट्रेन का शेड्यूल चैक करके ही बाहर निकलें।

delhi ncr dense fog- India TV Hindi
Image Source : PTI दिल्ली-NCR में विजिबिलटी हुई बेहद कम।

दिल्ली-NCR आधी रात से ही कोहरे की घनी चादर से ढक चुका है जिसकी वजह से बिजिबिलिटी बहुत कम हो गई है। कुछ इलाकों में तो विजिबिलिटी पांच मीटर से भी कम रह गई है। सड़कों पर अंधेरा छाया हुआ है, ट्रैफिक की रफ्तार भी एकदम थम गई है। सड़कों पर वाहन पार्किंग लाइट जलाकर रेंग-रेंग कर चलते हुए नजर आए। नोएडा और गाजियाबाद में आज स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया गया है, इन दो जिलों में 1 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे।

दिल्ली में AQI 400 के पार

कोहरे की वजह से पॉल्यूशन भी बढ़ गया है। दिल्ली के कई इलाकों में AQI का लेवल 400 को पार कर गया है। आनंद विहार और राजघाट के पास AQI 400 के पार जा चुका है। ऊपर से घने कोहरे ने परेशानी बढ़ा दी है इसलिए आज आप घर से निकलने से पहले मौसम का हाल जरूर ले लें।

दिल्ली आने वाली फ्लाइट जयपुर डायवर्ट

इस कोहरे का असर फ्लाइट और ट्रेनों पर भी पड़ा है इसलिए अगर आप ट्रैवल कर रहे हैं तो अपनी फ्लाइट या ट्रेन का शेड्यूल चैक करके ही बाहर निकलें। जो लोग अपनी गाड़ी ड्राइव करके निकल रहे हैं, वो फॉग लैंप ऑन कर लें और पार्किंग लाइट जरूर जलाएं। कम विजिबिलिटी की वजह से 100 से ज्यादा ट्रेनें लेट चल रहे हैं वहीं पांच ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है।

दिल्ली में घने कोहरे के चलते हवाई सेवाएं पूरी तरह ठप्प हो गई हैं। गोवा से दिल्ली आ रही फ्लाइट को अहमदाबाद डायवर्ट किया गया है। दिल्ली जाने वाली ज्यादातर फ्लाइट्स को सबसे नजदीकी एयरपोर्ट जयपुर डाइवर्ट किया गया है जिसके चलते जयपुर एयरपोर्ट पर हवाई यातायात के भारी दवाब के चलते अब फ्लाइट्स को अहमदाबाद डाइवर्ट किया जा रहा है।

दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में लिखा है, "घने कोहरे के कारण फिलहाल CAT III स्थितियों में फ्लाइट ऑपरेशन किए जा रहे हैं, जिससे देरी और फ्लाइट कैंसिल हो सकती हैं। हमारी ग्राउंड टीमें यात्रियों को सुचारू यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से मदद कर रही हैं। किसी भी असुविधा के लिए हमें खेद है।"

यह भी पढ़ें-

कश्मीर में नए साल पर बर्फबारी के आसार, 6 राज्यों में कोल्डवेव का अलर्ट, घने कोहरे की चपेट में पूरा उत्तर भारत

8 राज्यों में बेहद घने कोहरे की चेतावनी, यूपी के 9 जिलों में रेड अलर्ट, जानें अपने इलाके में मौसम का हाल