1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. DU छात्रा छेड़छाड़ मामले में 2 लॉ स्टूडेंट गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

DU छात्रा छेड़छाड़ मामले में 2 लॉ स्टूडेंट गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

दिल्ली विश्वविद्यालय के मुखर्जी नगर इलाके में एक छात्रा के साथ हुई कथित छेड़छाड़ के मामले में पुलिस जांच में कई बड़े खुलासे हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सांकेतिक फोटो- India TV Hindi
Image Source : PTI/PEXELS सांकेतिक फोटो

दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) की छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने 2 लॉ स्टूडेंट को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी जिसका नाम नमन बताया जा रहा है वो फिलहाल फरार चल रहा है। पुलिस पूछताछ में आरोपी छात्रों ने बताया कि घटना वाले दिन उन्होंने और उनके दोस्त नमन ने शराब पी हुई थी। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी छात्र बिहार के रहने वाले है। दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के समय कार सवार तीनों आरोपी शराब के नशे में धुत थे।

ड्रेस पर कमेंट से शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित छात्रा अपनी दोस्त के साथ हकीकत पार्क के पास से गुजर रही थी।  तभी वहां से गुजर रही एक कार में सवार नमन नाम के छात्र ने छात्रा की ड्रेस को देखकर कथित तौर पर कमेंट करते हुए कहा- 'ये T-Shirt बढ़िया लग रही है।' पीड़ित छात्रा ने लाल रंग की T-Shirt पहन रखी थी, जिस पर 'Urban Mindset' लिखा हुआ था। 

इस कमेंट को लेकर छात्रा और कार सवार छात्रों के बीच बहस और विवाद शुरू हो गया। जब पीड़ित छात्रा ने अपने मोबाइल फोन से आरोपियों का वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपी घबराकर तेजी से कार लेकर मौके से फरार हो गए। 

तीनों आरोपी DU लॉ फैकल्टी के फर्स्ट ईयर के छात्र

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी दिल्ली विश्वविद्यालय के लॉ फैकल्टी के फर्स्ट ईयर के छात्र हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। इनमें से एक कमला नगर में रहता है, जबकि दूसरा विजय नगर इलाके में किराए पर रहता है।

शराब पीने का दावा, कल कोर्ट में पेशी संभव

पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार दोनों छात्रों ने स्वीकार किया है कि घटना के वक्त उन्होंने और उनके साथी नमन ने शराब पी रखी थी। यह जानकारी फिलहाल आरोपियों के पुलिस को दिए गए कथित बयान पर आधारित है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कल दोपहर कोर्ट में पेश किया जा सकता है।

मुख्य आरोपी नमन की तलाश में पुलिस की दबिश

घटना के वक्त कार चला रहा मुख्य आरोपी नमन फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। दिल्ली पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी और रेड कर रही है। 

ये भी पढ़ें-

दिल्ली के त्रिलोकपुरी में नाबालिग से चाकूबाजी, 4 नाबालिगों ने ही घेरकर किया हमला; पुलिस बोली- नहीं है कोई हिंदू-मुस्लिम एंगल