1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के त्रिलोकपुरी में नाबालिग से चाकूबाजी, 4 नाबालिगों ने ही घेरकर किया हमला; पुलिस बोली- नहीं है कोई हिंदू-मुस्लिम एंगल

दिल्ली के त्रिलोकपुरी में नाबालिग से चाकूबाजी, 4 नाबालिगों ने ही घेरकर किया हमला; पुलिस बोली- नहीं है कोई हिंदू-मुस्लिम एंगल

 Reported By: Abhay Parashar,  Written By: Vinay Trivedi
 Published : Sep 24, 2026 10:21 am IST,  Updated : Sep 24, 2026 10:21 am IST

त्रिलोकपुरी में नाबालिग को चाकुओं से गोदा गया है। इसको लेकर दिल्ली पुलिस का बयान आया है कि यह मामला नाबालिगों के बीच पुरानी रंजिश का था, इसमें कोई हिंदू-मुस्लिम एंगल नहीं है।

Delhi Mayur Vihar stabbing- India TV Hindi
त्रिलोकपुरी में नाबालिग के ऊपर चाकू से हमला हुआ। Image Source : PTI (प्रतीकात्मक फोटो)

दिल्ली के मयूर विहार इलाके में नाबालिग को चाकू मारने की घटना सामने आई है। वारदात के बाद आननफानन में नाबालिग को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत में अभी खतरे से बाहर है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, चाकू मारने वाले भी नाबालिग हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पुरानी रंजिश की वजह से चाकूबाजी हुई है। इस वारदात में शामिल रहे, नाबालिगों को पकड़ लिया गया है।

वारदात में हिंदू-मुस्लिम का एंगल नहीं

उधर, इस मामले में DCP East राजीव कुमार का बयान आया है। उन्होंने कहा कि पुराने झगड़े की वजह से चाकूबाजी हुई है। इसमें हिंदू-मुस्लिम का कोई एंगल नहीं है। यहां ब्लॉक्स के झगड़े चलते हैं। जानकारी के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 को रात लगभग 9:30 बजे, मयूर विहार पुलिस स्टेशन को त्रिलोकपुरी के 30 ब्लॉक में चाकू मारने की घटना के बारे में एक PCR कॉल मिली थी। फिर, मयूर विहार के SHO और पुलिस स्टाफ तुरंत LBS अस्पताल पहुंचे।

नाबालिगों के बीच में थी पुरानी रंजिश

LBS अस्पताल में 17 साल का पीड़ित भर्ती मिला और बाद में उसे आगे के इलाज के लिए AIIMS ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। अब उसकी हालत स्थिर है। शुरुआती जांच से पता चला है कि पीड़ित और उस पर हमला करने के आरोपी 4 नाबालिगों में से एक के बीच पुराना झगड़ा था। लगभग 15 दिन पहले, पीड़ित और उसके साथियों ने कथित तौर पर उस नाबालिग की पिटाई की थी। फिर, बदले की भावना से, उस नाबालिग और उसके तीन साथियों ने कथित रूप से पीड़ित को रोका और उस पर हमला किया।

पकड़े गए 3 नाबालिग और 2 चाकू भी बरामद

फिलहाल, इस मामले पर कार्रवाई करते हुए मयूर विहार पुलिस स्टेशन में हत्या के प्रयास की FIR दर्ज कर ली गई है। इस घटना में शामिल 4 नाबालिगों में से 3 को पकड़ लिया गया है और चौथे को पकड़ने का प्रयास चल रहा है। वारदात में इस्तेमाल किए गए 2 चाकू भी बरामद किए गए हैं। आगे की जांच चल रही है।

घर से पंडाल जाने के लिए कहकर निकला था नाबालिग

पीड़ित परिवार का कहना है कि कृष्णा रात में घर से गणेश पंडाल जाने के लिए कहकर निकला था और पता नहीं क्यों इन लड़कों ने कृष्णा पर हमला किया। कृष्णा के पिता सचिन के मुताबिक, आरोपी आए दिन हमले करते हैं। लड़कियों से छेड़खानी करते हैं। वहीं, कृष्णा की मां सुनीता का कहना है कि कुछ खाने की बात कहकर घर से 50 रुपये लेकर गया था। पता नहीं क्यों हमला किया गया है। कार्रवाई होनी चाहिए।

कन्हैया नगर में भी हो चुकी है खूनी वारदात

इससे पहले, दिल्ली के कन्हैया नगर में शराब के ठेके के बाहर खूनी वारदात को अंजाम दिया गया था। यहां चाकू से हमले की वजह से 1 युवक की मौत हो गई थी और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था। मृतक की पहचान भवानी प्रसाद के रूप में हुई थी और आसाराम घायल हो गया था।

ये भी पढ़ें- ईस्ट दिल्ली में सरेआम युवक की हत्या, मंडावली में चाकू से ताबड़तोड़ हमला, दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।