1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के मंगोलपुरी में जूता फैक्ट्री में भीषण आग, 4 लोगों की मौत, 2 झुलसे

दिल्ली के मंगोलपुरी में जूता फैक्ट्री में भीषण आग, 4 लोगों की मौत, 2 झुलसे

दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया, फेज 1 की एक फैक्ट्री में आग लग गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।

जूता फैक्ट्री में लगी...- India TV Hindi
Image Source : PTI जूता फैक्ट्री में लगी आग

नई दिल्लीः दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया, फेज-1 में स्थित एक जूता फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य झुलस गए। सभी 6 लोगों को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 2 घायलों का इलाज चल रहा है।

डीसीपी विक्रम सिंह के अनुसार, आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत अपने स्टाफ और एक टीम को मौके पर भेजा। पुलिसकर्मी सबसे पहले वहां पहुंचे और दमकल गाड़ियों के आते ही बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। डीसीपी ने बताया कि आग बुझाने और बचाव का काम काफी देर तक चलता रहा और अभी भी जारी है। हालात पर नजर रखने के लिए रात भर मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। आग लगने के कारणों और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों का अभी इंतजार है।

दमकल विभाग ने दी ये जानकारी

दिल्ली फायर सर्विस ने एक बयान में बताया कि फैक्ट्री से कुल 6 लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया और इलाज के लिए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। वहां पहुंचने पर 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि 2 अन्य का इलाज चल रहा है।

जहांगीरपुरी में एक व्यक्ति ने अपने ही घर में लगाई आग
एक अन्य घटना में शुक्रवार को जहांगीरपुरी में 30 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने घर में आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा एलपीजी सिलेंडर फट गया। पुलिस ने बताया कि आग बुझाने की कोशिश के दौरान एक दमकलकर्मी करीब 25 प्रतिशत तक झुलस गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहा है, तभी अचानक एलपीजी सिलेंडर फट जाता है। धमाके के साथ आग की लपटें और मलबा चारों तरफ फैल जाता है। इस दौरान वहां मौजूद स्थानीय लोग, जो घटना का वीडियो बना रहे थे, दमकलकर्मी को बचाने के लिए चिल्लाते हुए सुनाई देते हैं।

घायल दमकलकर्मी की पहचान अंकित (32) के रूप में हुई है। उसके चेहरे, बालों और दोनों हाथों पर गंभीर जलन के निशान हैं। उसे सबसे पहले बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह लगभग 25 प्रतिशत तक झुलस गया है। बाद में उसे आगे के इलाज के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के बर्न वार्ड में भेज दिया गया। इससे पहले अभी हाल में ही राष्ट्रपति भवन के पास नॉर्थ ब्लॉक में आग लग गई थी। आग लगने के बाद आसमान में धुएं का काला गुबार देखने को मिला।  

(पीटीआई इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ेंः दिल्ली में हाशिम बाबा गैंग का शूटर शिवम गिरफ्तार, द्वारका पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान पैर में लगी गोली