दिल्ली के विवेक विहार इलाके में LPG सिलेंडर में ब्लास्ट होने से बड़ा हादसा हो गया। घटना झुग्गी नंबर-11, विवेक विहार थाने के पीछे की बताई जा रही है। हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए। घटना स्थल पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची हुई है।
मौके पर मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, झुग्गी में रखे छोटे LPG सिलेंडर में अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाका होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 35 वर्षीय अनिल दास और उनकी 30 वर्षीय पत्नी खुशबू गंभीर रूप से झुलस गए।
पति-पत्नी 60 प्रतिशत झुलसे
दोनों को PCR की मदद से तत्काल राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों करीब 60 प्रतिशत तक झुलसे हैं।
फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 2 वाटर टेंडर और 1 वॉटर बॉजर यूनिट को घटनास्थल पर भेजा गया।
आखिर किन वजहों से हुआ ब्लास्ट? जांच शुरू
फिलहाल LPG सिलेंडर में ब्लास्ट किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पश्चिमी दिल्ली में लकड़ी के कारखाने में आग
वहीं, दूसरी ओर पश्चिमी दिल्ली में राजधानी मेट्रो स्टेशन के पास रविवार तड़के लकड़ी और प्लाईवुड के एक कारखाने में आग लग गई। इसके बाद दिल्ली अग्निशमन सेवा ने आग बुझाने के लिए 25 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि 'असम टिंबर मार्केट' स्थित लकड़ी के गोदाम में आग लगने की सूचना तड़के करीब तीन बजे मिली। अधिकारी ने कहा, 'शुरुआत में नौ दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था, जिसके बाद अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी सेवा में लगाया गया। तड़के करीब 3.24 बजे आग को भीषण घोषित किया गया।'
करीब 2000 वर्ग क्षेत्र में फैली हुई है ये इमारत
उन्होंने कहा कि आग पर सुबह करीब साढ़े छह बजे काबू पाया जा सका। अधिकारी के अनुसार, आग एक इमारत के तहखाने में बने लकड़ी के गोदाम में लगी थी। इस इमारत में तहखाना, भूतल/स्टिल्ट और दो मंजिलें हैं तथा यह करीब 2,000 वर्ग गज क्षेत्र में फैली हुई है। (भाषा के इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ें:
दिल्ली के एक प्ले स्कूल में 3 साल के बच्चे के साथ मारपीट, दोनों कान के पर्दे सूजे, POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज