1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के गोविंदपुरी में मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई; भारी मात्रा में कोकीन और MDMA के साथ विदेशी नागरिक गिरफ्तार

दिल्ली के गोविंदपुरी में मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई; भारी मात्रा में कोकीन और MDMA के साथ विदेशी नागरिक गिरफ्तार

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने 36 वर्षीय अफ्रीकी नागरिक को भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है।

कोकीन और एमडीएमए के साथ विदेशी नागरिक गिरफ्तार- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV कोकीन और एमडीएमए के साथ विदेशी नागरिक गिरफ्तार

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आइवरी कोस्ट (अफ्रीकी देश) के 36 वर्षीय नागरिक को भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जीन यापो (Jean Yapo) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में गोविंदपुरी इलाके में रह रहा था।

55 ग्राम से अधिक हाई-ग्रेड ड्रग्स और चोरी की स्कूटी जब्त

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 55.20 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इसमें 30.92 ग्राम कोकीन, 11.20 ग्राम क्रिस्टल एमडीएमए (MDMA) और 13.08 ग्राम वजन की 20 एक्स्टसी (Ecstasy) गोलियां शामिल हैं।इसके अलावा आरोपी जिस स्कूटी से सप्लाई देने जा रहा था चोरी की थी। ये स्कूटी साल 2024 में केशव पुरम थाने से चोरी हुई थी।

भागने की कोशिश के दौरान पकड़ा गया

26 अगस्त 2026 की देर रात लगभग 1:40 बजे गोविंदपुरी थाने की पेट्रोलिंग टीम ने ओखला एस्टेट रोड पर क्राउन प्लाजा की तरफ जा रहे एक संदिग्ध विदेशी नागरिक को रुकने का इशारा किया। आरोपी ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण वह स्कूटी सहित गिर गया और पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से नशीले पदार्थों के तीन पैकेट बरामद हुए।

2022 में खत्म हो चुका था वीजा

दस्तावेजों की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी का वीजा 2022 में ही समाप्त हो चुका था और वह बिना वैध दस्तावेजों के भारत में अवैध रूप से रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर (FIR No. 467/2026) दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस सिंडिकेट से जुड़े सप्लायर, खरीददार और नेटवर्क के अन्य संपर्कों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है। गोविंदपुरी थाना पुलिस द्वारा पिछले 25 दिनों में ड्रग्स के खिलाफ यह चौथी बड़ी कार्रवाई है।

इससे पहले भी दिल्ली पुलिस ने ड्रग्स तस्करी गिरोह का किया था भंडाफोड़

बता दें कि साल के शुरुआत में दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया था। इस मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनके पास से 31 किलोग्राम अल्प्राजोलम की टैबलेट (गोलियां) जब्त की गई थी।  आरोपी हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में प्रतिबंधित मादक पदार्थ के अवैध उत्पादन, परिवहन और वितरण में लिप्त एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा थे। 

ये भी पढ़ें-

एक दिन की नौकरी के बाद 60 लाख की चोरी कर फरार हुआ नौकर, नेपाल बॉर्डर पर पुलिस ने किया गिरफ्तार