Sunday, February 01, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 31 किलोग्राम अल्प्राजोलम की टैबलेट जब्त, दिल्ली पुलिस ने ड्रग्स तस्करी गिरोह का किया भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार

31 किलोग्राम अल्प्राजोलम की टैबलेट जब्त, दिल्ली पुलिस ने ड्रग्स तस्करी गिरोह का किया भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की टीम ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इनके पास से बड़ी मात्रा में अल्प्राजोलम टैबलेट जब्त की गई है। तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

Edited By: Dhyanendra Chauhan @dhyanendraj
Published : Jan 31, 2026 05:15 pm IST, Updated : Jan 31, 2026 05:53 pm IST
सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI सांकेतिक तस्वीर

दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। तीन लोगों को गिरफ्तार करके उनके पास से 31 किलोग्राम अल्प्राजोलम की टैबलेट (गोलियां) जब्त की गई हैं। आरोपी हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में प्रतिबंधित मादक पदार्थ के अवैध उत्पादन, परिवहन और वितरण में लिप्त एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा थे। 

दिल्ली पुलिस को मिली थी खुफिया जानकारी

पुलिस ने कहा कि यह अभियान एनसीआर में सक्रिय मादक पदार्थ के तस्करों पर नजर रखने के उद्देश्य से खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया। विशिष्ट सूचनाओं के आधार पर टीम ने नंद नगरी बस डिपो के पास दो आरोपियों को उस समय गिरफ्तार किया, जब वे उत्तर प्रदेश से संबंधित पंजीकरण संख्या वाली एक कार में यात्रा कर रहे थे। 

आरोपियों की हुई पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी शमीम, बुलंदशहर निवासी राजीव शर्मा और मोहित गुप्ता के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने 31 किलोग्राम अल्प्राज़ोलम टैबलेट बरामद की, अनुमान है कि गोलियों की संख्या करीब तीन लाख है, जो स्वापक ओषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (NDPS) अधिनियम में परिभाषित वाणिज्यिक मात्रा के अंतर्गत आती हैं। 

परिवहन में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त 

अल्प्राज़ोलम की व्यावसायिक मात्रा की सीमा 100 ग्राम है। पुलिस ने कहा कि गोलियों के अलावा, टीम ने 'अल्प्राज़ोलम' छपा हुआ 11 किलोग्राम एल्युमीनियम फ़ॉइल, गोलियों की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली 25 किलोग्राम पीवीसी शीट रोल, बैच नंबर, निर्माण और समाप्ति तिथि अंकित 20 मुहर और परिवहन में इस्तेमाल की गई कार जब्त की। 

पैकेजिंग सामग्री और प्रिंटिंग उपकरणों की बरामदगी से बड़े पैमाने पर अवैध दवा निर्माण प्रतिष्ठान का संकेत मिलता है। एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत 29 जनवरी को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान, वाहन मोहित गुप्ता के नाम पर पंजीकृत पाया गया, जिसे बाद में अन्य आरोपियों की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। 

हिमाचल प्रदेश से भी निकला कनेक्शन

पूछताछ के दौरान शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह गुप्ता के निर्देश पर हिमाचल प्रदेश में शमीम और उसके सहयोगी रणदीप से अल्प्राज़ोलम की गोलियां एकत्र करता था और उन्हें बुलंदशहर की स्थानीय फार्मेसियों को आपूर्ति करता था। 

पुलिस के मुताबिक, शमीम ने खुलासा किया कि वह और उसका साथी हिमाचल प्रदेश के परवानू में एक अवैध विनिर्माण इकाई चला रहे थे, जहां गोलियों का उत्पादन किया जाता था और हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में वितरकों को आपूर्ति की जाती थी।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement