Budget 2026 Share Market Today Highlights: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज संसद में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए आम बजट पेश कर दिया। हालांकि, शेयर बाजार को ये बजट बिल्कुल भी पसंद नहीं आया और मार्केट में हाहाकार मच गया। रविवार को बीएसई सेंसेक्स 1546.84 अंकों (1.88 प्रतिशत) की भारी गिरावट के साथ 80,722.94 अंकों पर बंद हुआ। जबकि एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स 495.20 अंकों (1.96%) के नुकसान के साथ 24,825.45 अंकों पर बंद हुआ। बजट के दिन हरे निशान में खुला बाजार बजट भाषण शुरू होने के बाद कुछ देर के लिए तेजी से बढ़ा था, लेकिन जब इसमें गिरावट आनी शुरू हुई तो इसने निवेशकों को खून के आंसू रुला दिया।
सेंसेक्स की सिर्फ 3 कंपनियों के शेयर ही हरे निशान में बंद
आज कारोबार के दौरान एक समय तक सेंसेक्स करीब 2300 अंकों की गिरावट के साथ 79,899.42 अंकों के इंट्राडे लो तक पहुंच गया था। जबकि, सेंसेक्स आज 82,726.65 अंकों के इंट्राडे हाई तक पहुंचा था। वहीं दूसरी ओर, आज निफ्टी 50 भी भयावह गिरावट के साथ 24,571.75 अंकों के इंट्राडे लो तक पहुंच गया था। रविवार को सेंसेक्स की 30 में से सिर्फ 4 कंपनी के शेयर ही हरे निशान में बंद हुए और बाकी की सभी 26 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इसी तरह, आज निफ्टी 50 की 50 में से सिर्फ 6 कंपनियों के शेयर ही तेजी के साथ बंद हुए और बाकी की सभी 44 कंपनियों के शेयर नुकसान के साथ बंद हुए।
एसबीआई के शेयर में विनाशकारी गिरावट
बजट के दिन, सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल टीसीएस के शेयर सबसे ज्यादा 1.92 प्रतिशत की बढ़त लेकर बंद हुए। जबकि भारतीय स्टेट बैंक के शेयर सबसे ज्यादा 5.61 प्रतिशत की विनाशकारी गिरावट के साथ बंद हुए। आज हाहाकार मचाकर बंद हुए ये शेयर, बजट भाषण शुरू होने से पहले अच्छी-खासी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। लेकिन, जैसे-जैसे बजट भाषण बढ़ता गया, वैसे-वैसे बाजार गिरता चला गया। आज कारोबार के दौरान, एक समय ऐसा भी आया जब बाजार ने इंट्राडे लो पर पहुंचने के बाद जोरदार रिकवरी की थी। लेकिन, इसमें एक बार फिर गिरावट का सिलसिला शुरू हुआ और गहराता ही चला गया।


