पुणे पुलिस ने रविवार को बताया कि बॉलीवुड निर्देशक-निर्माता रोहित शेट्टी के आवास पर हुई गोलीबारी के सिलसिले में पुणे में पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पुणे शहर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि संदिग्धों को आगे की जांच के लिए मुंबई अपराध शाखा को सौंप दिया गया है। आज सुबह मुंबई अपराध शाखा ने शेट्टी के आवास के बाहर हुई गोलीबारी की घटना में शामिल संदिग्धों को पकड़ने के लिए 12 विशेष टीमें गठित की थीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार तड़के हमलावरों ने बॉलीवुड फिल्म निर्देशक के आवास के बाहर चार राउंड गोलियां चलाईं। गोलीबारी के तुरंत बाद, जुहू इलाके में शेट्टी के आवासीय टावर के आसपास भारी पुलिस सुरक्षा तैनात कर दी गई। पुलिस और फोरेंसिक टीमों ने जांच के लिए परिसर को सुरक्षित कर लिया। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
इस गैंग ने ली फायरिंग की जिम्मेदारी
बता दें कि रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस विश्नोई गैंग ने ली है। ये पहली बार नहीं है जब किसी फिल्मी सितारे को धमकी मिली है। इससे पहले इसी गैंग ने बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी ली और पंजाबी सुपरस्टार सिंगर सिद्दू मूसेवाला की हत्या की भी जिम्मेदारी ली चुकी है। इसके साथ ही सलमान खान को कई बार जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है। इसके लिए यहां इस गैंग के सदस्यों ने रैकी की थी और हत्या की प्लानिंग भी कर चुके हैं। साथ ही इस गैंग के निशाने पर कपिल शर्मा भी रह चुके हैं और उनके कनाडा स्थित कैफे पर 3 फायरिंग कराई है। इसके साथ ही दिशा पाटनी, बी प्राक, हनी सिंह समेत कई पंजाबी सिंगर्स को भी ये गैंग धमका चुकी है।
फायरिंग के साथ दी धमकी
शुभम लोनकर आरजू बिश्नोई नाम के फेसबुक आई की पोस्ट में लिखा है, 'राम राम जय बजरंग बली सभी भाइयों को... आज जो ये मुंबई में (शेट्टी टॉवर) फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर जो ये फायरिंग हुई है उसकी जिम्मेदारी SHUBHAM LONKAR AARZOO BHISHNOI HARI BOXER HARMAN shandu हम लेते हैं। हमने इसको बहुत बार मैसेज लगाया कि हमारे काम मे दखल ना दे लेकिन इसको समझ में नहीं आया। इसको ये छोटा सा ट्रेलर दिया है। अगर आगे फिर हमारी बात नहीं समझी और हमारी बात नहीं मानी तो अब घर के बाहर नहीं अंदर इसके बेडरूम में गोली चलेगी इसकी छाती पर और आगे पूरे बॉलीवुड को चेतावनी है कि टाइम रहते सुधर जाओ नहीं तो बहुत बुरा हाल होगा तुम्हारा। बाबा सिद्धीकी से भी बुरा हाल करेंगे तुम्हारा।' पोस्ट में आगे लिखा, 'हमने जिन जिन लोगों को फोन कर रखा है या तो टाइम रहते लाइन पे आ जाओ वरना छिपने के लिए जगह कम पड़ जाएगी तुम्हे और जितने भी हमारे दुश्मन हैं तैयार रहो जल्दी ही मुलाकात होगी तुमसे wait and watch (NOTE एक ही था एक ही है और एक ही रहेगा Lawrence BHISHNOI group !!) जय श्री राम... जय बालकरी।'
ये भी पढ़ें- रोहित शेट्टी से पहले, इन स्टार्स के घर पर भी हो चुकी है फायरिंग, एक ही गैंग से जुड़े हैं हमले के तार