A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के मजलिस पार्क, ज्योति नगर और रोहिणी में भीषण आग, गाजियाबाद में भी आग ने बरपाया कहर

दिल्ली के मजलिस पार्क, ज्योति नगर और रोहिणी में भीषण आग, गाजियाबाद में भी आग ने बरपाया कहर

दिल्ली के कई इलाकों में शुक्रवार को आग लगने के मामले सामने आए। वहीं गाजियाबाद की भी एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई। हालांकि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पा लिया।

दिल्ली में कई इलाकों में लगी आग।- India TV Hindi
Image Source : ANI दिल्ली में कई इलाकों में लगी आग।

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में शनिवार को कई इलाकों में आग लगने के मामले सामने आए। यहां ज्योति नगर से लेकर मजलिस पार्क में शनिवार को आग लग गई। इसके अलावा पंजाबी बाग और रोहिणी में भी शुक्रवार को आग लगने के मामले सामने आए थे। दिल्ली के अलावा गाजियाबाद में भी एक केमिकल फैक्ट्री में शनिवार को आग लग गई। हालांकि गनीमत रही कि आग लगने के इन सभी मामलों किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिर भी आग लगने की वजह से लाखों का नुकसान हुआ है। फिलहाल कई जगहों पर आग पर काबू पा लिया गया है। इसके अलावा आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

ज्योति नगर के गोदाम में लगी आग

पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में शनिवार को एक तंबू वाले गोदाम में आग लग गई। इसके बाद दमकल विभाग ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही करीब 23 दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। घटना को लेकर पश्चिमी जोन के उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी एम.के. चट्टोपाध्याय ने बताया, “यह करीब 2 एकड़ का टेंट गोदाम है। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है, पुलिस जांच के बाद बताएगी। दोपहर 1 बजे सूचना मिली थी। फिलहाल कोई हताहत नहीं हुआ है। दमकल का काम जारी है।”

मजलिस वार्क के वन क्षेत्र में आग

राजधानी दिल्ली के मजलिस पार्क वन क्षेत्र में शनिवार को भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर भेजी गई हैं और आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे कुछ ही घंटे पहले, शुक्रवार को दिल्ली के पंजाबी बाग के पास एक झुग्गी बस्ती में आग लग गई, जिसके बाद दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग बुझाने का अभियान तुरंत शुरू किया गया और आग पर काबू पाने और उसे आसपास की इमारतों में फैलने से रोकने के प्रयास किए गए। अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है।

रोहिणी सेक्टर 24 की चार मंजिला मकान में आग

दरअसल, दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-24 इलाके में एक चार मंजिला इमारत में आग लग गई। हालांकि इमारत में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-24 के पॉकेट-20 में शुक्रवार रात आठ बज कर 54 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और दमकल कर्मियों ने रात करीब 11 बजे तक आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों का अब पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है, हालांकि गैस पाइपलाइन फटने की भी आशंका जताई गई है।

गाजियाबाद की केमिकल फैक्ट्री में आग

दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद में भी शनिवार को एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। CFO गाजियाबाद राहुल कुमार ने बताया, "25 अप्रैल को, दोपहर लगभग 13.52 बजे फायर स्टेशन कोतवाली पर सूचना प्राप्त हुई थी कि मसूरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई है। इसमें ऑक्सीजन टैंक फिलिंग, रेजिन और पेंट का काम होता था। तत्काल हमारी 10 गाड़ियां जनपद गाजियाबाद, हापुड़ व नोएडा से भेजी गईं। लगभग 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।"

यह भी पढ़ें-

चुनाव के बीच नॉर्थ 24 परगना में जोरदार धमाका, दहशत में इलाके के लोग; मचा हड़कंप