1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. लॉरेंस बिश्नोई के वकील पर गोलियां बरसाने वाला पकड़ा गया, रोहित गोदारा गैंग से कनेक्शन

लॉरेंस बिश्नोई के वकील पर गोलियां बरसाने वाला पकड़ा गया, रोहित गोदारा गैंग से कनेक्शन

24 फरवरी की देर रात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो हमले के वक्त स्कूटी पर सवार था।

आरोपी रोहित सोलंकी (बाएं), लॉरेंस बिश्नोई और उसका वकील दीपक खत्री (दाएं)- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आरोपी रोहित सोलंकी (बाएं), लॉरेंस बिश्नोई और उसका वकील दीपक खत्री (दाएं)

दिल्ली पुलिस की उत्तरी जिला टीम ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम पर हमला करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रोहित सोलंकी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे माजरा डबास इलाके के पास से पकड़ा। 

पुलिस के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम पर हुए हमले के वक्त रोहित सोलंकी स्कूटी पर सवार था और इसके पास पिस्टल भी थी। गिरफ्तारी के वक्त पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल बरामद की है। मामले में दो अन्य शूटर अभी भी फरार हैं। रोहित सोलंकी कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के संपर्क में था। रोहित सोलंकी, रोहित गोदारा का शूटर है। उससे पूछताछ जारी है।

लॉरेंस के वकील की कार पर ताबड़तोड़ हुई थी फायरिंग

दिल्ली के कश्मीरी गेट ISBT के पास 24 फरवरी देर रात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। घटना रात करीब 10:30 बजे हुई थी, जब लॉरेंस बिश्नोई के वकील अपने 4 साथियों के साथ मरघट वाले हनुमान मंदिर के पास पहुंचे थे, तभी अचानक बाइक सवार आए और उनकी कार को घेरकर फायरिंग करनी शुरू कर दी। हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि, स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर ने गाड़ी वहां से तेजी से भगा दी और सिविल लाइन के एक 5 स्टार होटल में लेकर पहुंच गया।

लॉरेंस बिश्नोई के वकील की कार पर जिस तरह से फायरिंग की गई, उससे आशंका जताई गई थी कि ये काम किसी विरोधी गैंग की है। लॉरेंस बिश्नोई के वकील की कार पर फायरिंग में वकील दीपक खत्री बाल-बाल बच गए, लेकिन कार की पिछली सीट पर बैठे एक शख्स को गोली लगी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

ये भी पढ़ें-

ईरान के भीषण पलटवार से सुलग रहा मिडिल ईस्ट, अमेरिका ने अपने नागरिकों से कहा- इन देशों से तुरंत निकलो

यूपी से प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए गए थे दुबई, बुर्ज खलीफा के पास फंसे दूल्हा-दुल्हन समेत 5 लोग; PM मोदी से लगाई गुहार