1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ईरान के भीषण पलटवार से सुलग रहा मिडिल ईस्ट, अमेरिका ने अपने नागरिकों से कहा- इन देशों से तुरंत निकलो

ईरान के भीषण पलटवार से सुलग रहा मिडिल ईस्ट, अमेरिका ने अपने नागरिकों से कहा- इन देशों से तुरंत निकलो

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Mar 03, 2026 07:22 am IST,  Updated : Mar 03, 2026 08:07 am IST

ईरान की जवाबी कार्रवाई से मिडिल ईस्ट सुलग रहा है। इसके मद्देनजर अमेरिका ने अपने नागरिकों को 14 खाड़ी और मध्य पूर्वी देशों को तत्काल छोड़ने की सलाह दी है।

मिडिल ईस्ट के कई देशों पर हमले जारी- India TV Hindi
मिडिल ईस्ट के कई देशों पर हमले जारी Image Source : PTI

ईरान पर अमेरिकी और इज़रायली हमलों के बाद पूरे मिडिल ईस्ट में हालात बेकाबू हो गए हैं। अपने ऊपर हो रहे हमलों के जवाब में ईरान खाड़ी देशों में मिसाइलें और ड्रोन बरसा रहा है। इस बीच, अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने सुरक्षा जोखिमों का हवाला देते हुए अपने नागरिकों को 14 खाड़ी और मध्य पूर्वी देशों को तत्काल छोड़ने को कहा है।

कांसुलर मामलों की सहायक सचिव, मोरा नामदार ने पोस्ट किया, "अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो गंभीर सुरक्षा जोखिमों के कारण नीचे दिए गए देशों में मौजूद अमेरिकियों से उपलब्ध व्यावसायिक परिवहन का उपयोग करके अभी प्रस्थान करने का आग्रह करते हैं।"

इन देशों के लिए जारी हुआ अलर्ट

विदेश मंत्रालय ने जिन देशों और क्षेत्रों की सूची जारी की है, उनमें इज़रायल (वेस्ट बैंक, गाजा), ईरान, इराक, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत, कतर, जॉर्डन, लेबनान, मिस्र, बहरीन, ओमान और सीरिया है।

ईरान पर और बड़े हमले की चेतावनी

अमेरिका-इज़रायल और ईरान के बीच चल रही जंग का आज चौथा दिन है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि ईरान पर अभी और बड़े हमले होंगे और जरूरत पड़ी तो जमीनी सेना भी उतारेंगे। बता दें कि 28 फरवरी को अमेरिकी-इजरायली हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई के साथ उनके परिवार के कई लोग और ईरानी रक्षा नेतृत्व के कई लीडर्स मारे गए। इसके बाद ईरान जवाबी कार्रवाई करते हुए मिडिल ईस्ट के देशों पर लगातार हमले कर रहा है। ईरान के 130 से अधिक शहरों पर बमबारी हुई है, जिसमें अब तक 555 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबर है।

ये भी पढ़ें-

Israel US Iran War Live Updates: "ईरान को परमाणु विहीन करने तक चैन से नहीं बैठेंगे राष्ट्रपति ट्रंप", जेडी वेंस का बड़ा बयान

"अगर मैं न्यूक्लियर डील नहीं रोकता, तो 3 साल पहले ही परमाणु बम बना लेता ईरान", ट्रंप का दावा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश