1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 15 साल के मिथुन की तलाश में पिता नाले में उतरे, कचरे में हाथ डाल-डाल कर ढूंढते रहे; CM रेखा के अल्टीमेटम से JE सस्पेंड

15 साल के मिथुन की तलाश में पिता नाले में उतरे, कचरे में हाथ डाल-डाल कर ढूंढते रहे; CM रेखा के अल्टीमेटम से JE सस्पेंड

15 साल का मिथुन दिल्ली के जसोला गांव के खुले नाले में गिर कर तेज बहाव में डूब गया। 22 अगस्त से लापता आठवीं कक्षा के छात्र का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। इस मामले में MCD ने सोमवार को जूनियर इंजीनियर अनुज कुमार को सस्पेंड कर दिया।

बेटे की तलाश में पिता...- India TV Hindi
Image Source : PTI बेटे की तलाश में पिता नाले में उतरे।

दिल्ली सरकार ने दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जसोला इलाके में एक खुले नाले में डूबने से 15 साल के लड़के की मौत के मामले में, ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में जूनियर इंजीनियर अनुज कुमार को सस्पेंड कर दिया है। मिथुन नाम का यह लड़का पतंग पकड़ने की कोशिश में नाले में गिर गया था। रेस्क्यू टीमें कई दिन तक उसकी तलाश करती रहीं, जबकि उसके पिता ने भी अपने बेटे को खोजने की बेताब कोशिश में नाले में उतरकर तलाशी ली। 22 अगस्त शनिवार से लापता आठवीं कक्षा के छात्र मिथुन का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। 

जूनियर इंजीनियर पर गिरी गाज

न्यूज एजेंसी PTI ने X पर दक्षिण-पूर्व के डिप्टी कमिश्नर के ऑफिस से जारी एक आधिकारिक सूचना पोस्ट की है। इसके अनुसार, ''अनुज कुमार, JE (M)-IV को ड्यूटी में लापरवाही के कारण तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। कर्तव्य में लापरवाही बरतने के कारण अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। निलंबन की अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी को अधिशासी अभियंता के कार्यालय में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है और उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता मिलता रहेगा।''

CM रेखा गुप्ता के हस्तक्षेप के बाद हुई कार्रवाई

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के एक अधिकारी ने बताया कि सीएम रेखा गुप्ता ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी और गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता ने मुख्य सचिव को एक घंटे के भीतर संबंधित नाले के क्षेत्राधिकार की जानकारी देने और दोषी अधिकारी को सस्पेंड करने का निर्देश दिया था और यह कार्रवाई सीएम के हस्तक्षेप के बाद हुई है। 

AAP नेता ने पिता की ‘बेताब’ खोज का वीडियो किया शेयर

वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने मिथुन के पिता का एक वीडियो शेयर किया, जो अपने बेटे को खोजने के लिए नाले में कूद गए थे। आप नेता ने कहा, “पिता अपने 15 साल के बेटे को ढूंढ नहीं पा रहे हैं। 22 अगस्त को पतंग के पीछे भागते समय वह शायद खुले नाले में गिर गया था। पिता ने अपने बेटे को खोजने के लिए बेताब होकर नाले में छलांग लगा दी।”

इस तस्वीर में पिता को अपने बेटे की तलाश में कचरे के ढेर को छानते और उसे एक तरफ फेंकते हुए देखा जा सकता है।  

Image Source : x- @Saurabh_MLAgkमिथुन को खोजने नाले में उतरे पिता।

काम पर गए थे माता-पिता, पीछे से हुआ हादसा

यह घटना शनिवार को दोपहर से ठीक पहले हुई। शुरुआती जांच के मुताबिक, 15 साल का लड़का पतंग पकड़ने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह खुले नाले में गिर गया। लड़के की पहचान एक स्थानीय सरकारी स्कूल में 8वीं कक्षा के छात्र मिथुन के तौर पर हुई है। वह अपने परिवार के साथ इसी इलाके में रहता था। 

बच्चे के पिता अवधेश ने बताया कि जब यह हादसा हुआ तब वह और उनकी पत्नी दोनों अपने-अपने काम पर गए हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही मां-बाप आनन-फान में घर पहुंचे और बाद मां-बाप घर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे की तलाश शुरू की। जब काफी खोजने के बाद भी मिथुन का कुछ पता नहीं चला, तब पुलिस और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी गई।

वहीं, आपको बता दें कि इससे पहले दिल्ली के जगतपुर में बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां स्कूल से घर लौट रहे 3 बच्चे बारिश के पानी से भरे खुले नाले में गिर गए। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने सतर्कता बरती और बच्चों को तुरंत हाथ पकड़कर बचा लिया। यह पूरी घटना CCTV में कैद हो गई।

(इनपुट- PTI)

यह भी पढ़ें-

खेलते-खेलते खुले नाले में समा गया 12 साल का चिंटू, दर्दनाक मौत; मां की आंखों से आंसू नहीं रुक रहे

दिल्ली के वसंत कुंज के पास हादसा, कार नाले में पलटने से 20 साल के छात्र की मौत, पिता हैं भारतीय सेना में अधिकारी