Highlights
- वसंत कुंज के पास हादसे में 20 साल के छात्र की मौत
- अमेरिका में करता था पढ़ाई, भारत आया हुआ था
- मृतक के पिता हैं भारतीय सेना में अधिकारी
नई दिल्ली: दिल्ली के वसंत कुंज के पास एक हादसा हो गया है। यहां एक कार नाले में पलटने से छात्र की मौत हो गई है।
पुलिस ने बताया कि हादसा शुक्रवार सुबह दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नांगल देवात इलाके के पास हुआ। यहां एक तीखे मोड़ पर कार से नियंत्रण खोने के बाद नाले में गिरने से अमेरिका में उच्च शिक्षा ले रहे 20 वर्षीय छात्र की मौत हो गई।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस के मुताबिक, हादसा 24 जुलाई को हुआ। इस हादसे को लेकर वसंत कुंज साउथ पुलिस स्टेशन में एक PCR कॉल आई, जिसमें कार एक्सीडेंट में एक मौत की बात कही गई। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची तो पता लगा कि एक कार जिसे 20 साल का युवक चला रहा था और उसके साथ एक महिला यात्री बैठी थी, वह हादसे का शिकार हो गई।
पुलिस ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हो गई और उसकी पहचान 20 साल के यशवेंद्र के रूप में हुई। कार यशवेंद्र चला रहा था और नागल देवत रेड लाइट के पास, एक तीखे मोड़ पर, सड़क पर फिसलन होने के कारण यशवेंद्र का गाड़ी से नियंत्रण छूट गया और कार नाले में गिरकर पलट गई।
पुलिस के मुताबिक, इस घटना में यशवेंद्र घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई। यशवेंद्र और महिला सह-यात्री दोनों ही अमेरिका के एक ही संस्थान में उच्च शिक्षा ले रहे छात्र हैं।
मृतक के पिता हैं भारतीय सेना में अधिकारी
पुलिस ने बताया कि मृतक यशवेंद्र के पिता भारतीय सेना के एक अधिकारी हैं। महिला सह-यात्री के पिता ओखला की एक प्राइवेट कंपनी में साइबर सिक्योरिटी सेक्टर में काम करते हैं। सह-यात्री के बयान के अनुसार, हादसा सड़क पर फिसलन के कारण हुआ। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हाल ही में नोएडा में एक इंजीनियर की नाले में गिरने से हुई थी मौत
दिल्ली से सटे नोएडा से ही हाल ही में ये खबर सामने आई थी कि एक खुले नाले में गिरकर 27 साल के एक युवा इंजीनियर की मौत हो गई है। मृतक की पहचान आर्यन के रूप में की गई थी, जो कि फर्रुखाबाद का रहने वाला था। (इनपुट- PTI)
ये भी पढ़ें-
मां के सामने नाले में समा गया 12 साल का मासूम, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बेरुखी का भयानक VIDEO