A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Video: दिल्ली में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में चोरों को पकड़ा, बीच सड़क में पकड़म-पकड़ाई का CCTV वीडियो आया सामने

Video: दिल्ली में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में चोरों को पकड़ा, बीच सड़क में पकड़म-पकड़ाई का CCTV वीडियो आया सामने

सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि कार में सवार चोर भागने के लिए हरसंभव कोशिश करते हैं। वह पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की भी कोशिश करते हैं, लेकिन उनकी कार डिवाइडर में चढ़कर फंस जाती है।

Police with Accused- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT तीनों चोरों के साथ पुलिस की टीम

दिल्ली के विवेक विहार इलाके में पश्चिम दिल्ली की एएटीएस टीम ने फिल्मी स्टाइल में गाड़ी चोरी गैंग को पकड़ा है। सड़क पर हुई पकड़म-पकड़ाई की पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। चोरों ने पकड़े जाने के डर से दिल्ली पुलिस के पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने की कोशिश भी की। इसके बाद पुलिस टीम ने बदमाशों की कार के ऊपर हथौड़े और डंडे मारकर उनको पकड़ा।

दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिला की एंटी ऑटो थैफ्ट स्क्वॉड को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। हाई-रिस्क ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने तीन इंटर-स्टेट ऑटो लिफ्टर्स को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की किआ सेल्टोस बरामद की गई है, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम को कुचलने की भी कोशिश की, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। यह मामला वेस्ट दिल्ली के विवेक विहार आईटीआई अंडरपास का है। 

चोरों ने भागने के लिए कई वाहनों को मारी टक्कर

एंटी ऑटो थैफ्ट स्क्वॉड वेस्ट को तकनीकी और फील्ड सर्विलांस के दौरान सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की किआ सेल्टोस कार, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी है, कई हाई-एंड गाड़ियों की चोरी में इस्तेमाल हो रही है। सूचना के आधार पर एएटीएस वेस्ट की टीम ने जाल बिछाया। इंटरसेप्शन के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम को जान से मारने की नीयत से कार से रौंदने की कोशिश की। इस हमले में हेड कांस्टेबल देवेंद्र और कांस्टेबल मनीष घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। भागने के प्रयास में आरोपियों ने कई सार्वजनिक वाहनों को भी टक्कर मारी, जिससे आम जनता की जान को भी खतरा पैदा हो गया। हालांकि, पुलिस टीम ने साहस, सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए तीनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।

मुखर्जी नगर से चोरी हुई थी कार

बरामद की गई किआ सेल्टोस की जांच में पता चला कि यह गाड़ी 2 सितंबर 2025 को मुखर्जी नगर इलाके से चोरी हुई थी। आरोपी इसी चोरी की गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर अलग-अलग जिलों में वारदातों को अंजाम दे रहे थे। 

आरोपियों के नाम

मसरूर पुत्र याकूब, उम्र 56 वर्ष, निवासी सुल्तानपुर यूपी, (पहले से 17 आपराधिक मामलों में शामिल)
आसिफ पुत्र निजामुद्दीन, उम्र 42 वर्ष, निवासी मेरठ यूपी, (02 पुराने मामले)
अकील पुत्र इस्लामुद्दीन, उम्र 40 वर्ष, निवासी मुजफ्फरनगर यूपी, (27 आपराधिक मामलों में संलिप्त)
आरोपियों के खिलाफ थाना विवेक विहार में एफआईआर नंबर 19/26 दर्ज की गई है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और वारदातों की कड़ियों को खंगाल रही है।

यह भी पढ़ें-

दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध का ग्राफ हुआ कम, 4 सालों में 12% की गिरावट; आंकड़े आए सामने

“भीख नहीं, शिक्षा दें, कटोरा नहीं, किताब थमाएं”, दिल्ली में बाल भिक्षावृत्ति और बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता अभियान