1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. राष्ट्रपति भवन के पास नॉर्थ ब्लॉक में लगी आग, आसमान में धुएं का गुबार दिखा, दमकल की कई गाड़ियां रवाना

राष्ट्रपति भवन के पास नॉर्थ ब्लॉक में लगी आग, आसमान में धुएं का गुबार दिखा, दमकल की कई गाड़ियां रवाना

दिल्ली फायर विभाग के मुताबिक नॉर्थ ब्लॉक के ऊपर धुंआ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद दमकल की 6 गाड़ियां रवाना कर दी गई हैं।

नॉर्थ ब्लॉक में लगी आग।- India TV Hindi
Image Source : X/MILINDDEORA नॉर्थ ब्लॉक में लगी आग।

इस वक्त की बड़ी खबर दिल्ली के वीवीआईपी इलाके से सामने आ रही है। यहां राष्ट्रपति भवन के पास नॉर्थ ब्लॉक में आग लगने की सूचना मिली है। आग लगने के बाद आसमान में धुएं का काला गुबार देखने को मिला। दिल्ली फायर विभाग के मुताबिक नॉर्थ ब्लॉक के ऊपर धुआं दिखाई दे रहा है। ताजा जानकारी के मुताबिक नॉर्थ ब्लॉक में कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है। छत पर वेल्डिंग का काम हो रहा था, जिस दौरान हल्का सा स्पार्क हुआ था, जिससे धुआं हो गया। जानकारी के मुताबिक तुरंत ही आग पर काबू पा लिया गया।

दमकल की 6 गाड़ियां रवाना

वहीं घटना के बाद फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियों को रवाना किया गया है। दिल्ली फायर सर्विसेज (DFS) को कुछ देर पहले नॉर्थ ब्लॉक में आग लगने की सूचना मिली। दमकल की गाड़ियां मौके के लिए रवाना कर दी गई हैं। फायर सर्विसेज के कर्मचारियों के वहां पहुंचने और स्थिति का जायजा लेने के बाद ही और जानकारी मिल सकेगी।

मिलिंद देवरा ने शेयर की तस्वीर

वहीं राज्यसभा सांसद मिलिंद देवरा ने एक्स पर एक तस्वीर शेयर कर इसकी जानकारी दी है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर मिलिंद देवरा ने लिखा, "संसद जाते समय मैंने नॉर्थ ब्लॉक के पीछे से घना धुआं उठते देखा। ऐसा लगता है कि वहां आग लगी है। उम्मीद है कि सभी सुरक्षित होंगे और आपातकालीन सेवाएं तेजी से कार्रवाई कर रही होंगी।" उन्होंने एक तस्वीर भी शेयर की है, जिसमें धुएं को देखा जा सकता है। आग लगने के बाद आसमान में काफी ज्यादा धुआं देखा जा सकता है। फिलहाल दमकल विभाग की गाड़ियां रवाना कर दी गई हैं।

कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में आग

एक अन्य घटना में कुछ दिनों पहले कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर की दूसरी मंजिल पर आग लग गई थी। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। दिल्ली अग्निशमन सेवा ने आग लगने की जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक दमकल कर्मियों को सुबह 5 बजकर 22 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने 8 दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजीं। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, अदालत परिसर के गेट नंबर चार के पास स्थित एक स्कैनिंग रूम में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया और उसे फैलने से रोका। सुबह पांच बजकर 50 मिनट तक आग पर काबू पा लिया गया। 

यह भी पढ़ें-

राहुल गांधी के काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा, कई लोग घायल