1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली की संजय झील में 3 युवकों की डूबने से मौत, 22 से 25 साल के बीच थी तीनों की उम्र

दिल्ली की संजय झील में 3 युवकों की डूबने से मौत, 22 से 25 साल के बीच थी तीनों की उम्र

दिल्ली की संजय झील में डूबने से 3 युवकों की मौत हुई है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। तीनों युवक बेहद कम उम्र के थे। युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

Delhi- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दिल्ली की संजय झील में डूबने से 3 युवकों की मौत, 2 की तस्वीर सामने आई

नई दिल्ली: दिल्ली के संजय झील में तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। तीनों युवकों की उम्र 22-25 साल के बीच की है। फायर विभाग और दिल्ली पुलिस को करीब साढ़े 7 बजे इस घटना की सूचना मिली थी।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पहले एक युवक झील में नहाने गया था, फिर उसे बचाने दोनों युवक उतरे और बाद में डूबने से तीनों की मौत हो गयी। तीनों युवकों की बॉडी को गोताखोरों ने झील से निकाल लिया है और पुलिस की तरफ से शव को अस्पताल भिजवा करके परिजनों को सूचना दे दी गयी है।

पुलिस की तरफ से बताया गया कि शाम लगभग 7:24 बजे, पांडव नगर पुलिस स्टेशन इलाके में कोटला गांव/टेम्पो मार्केट के पास संजय झील में तीन लोगों के डूबने की सूचना देने वाली एक PCR कॉल मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि लगभग 22-25 साल की उम्र के तीन युवक झील में डूब गए थे। तीनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन वे कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे। उन्हें LBS अस्पताल ले जाया गया है, जहां आगे की कानूनी-चिकित्सकीय कार्रवाई की जा रही है। मृतक तीनों युवक कल्याणपुरी के स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं। उनके सही नाम, पते और अन्य विवरणों का पता लगाया जा रहा है।

दिल्ली में मंगलवार शाम को बारिश भी हुई

गौरतलब है कि दिल्ली में मंगलवार शाम को बारिश भी हुई है। बारिश की वजह से कई इलाकों में जल जमाव और ट्रैफिक जाम देखने को मिल रहा है। सबसे ज्यादा पालम इलाके में बारिश का असर देखने को मिला है। यहां पर अंडरपास में पानी भर जाने की वजह से लोग कई घंटे से  ट्रैफिक जाम में फंसे हुए हैं। एयरपोर्ट जाने के रास्ते पर भी ट्रैफिक जाम देखने को मिल रहा है । 

महरौली अंडरपास में एयरपोर्ट की तरफ जाने और आने के दोनों रास्तों में पानी भरा हुआ है, जिसकी वजह से लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। ट्रैफिक जाम में फंसे हुए लोग जो की शाम को अपने ऑफिस से घर जाने के लिए निकले थे, वह अभी भी रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे हैं। 

अंडरपास का पानी निकालने के लिए दोनों तरफ सरकार की तरफ से एक-एक पंप लगाया गया है लेकिन सरकार की  सारी व्यवस्थाएं नाकाफी दिखाई दे रही है। महरौली अंडरपास में 3 फुट से ज्यादा पानी इस वक्त भी भरा हुआ है, 3 घंटे से ज्यादा का वक्त गुजर जाने के बाद भी अंडरपास से पानी कम होने या फिर ट्रैफिक 2 घंटे से पहले खुलने की उम्मीद नहीं लग रही है।

इससे पहले दिल्ली में एक और घटना से सनसनी फैली थी। खाली स्लीपर बस के अंदर छात्रा से गैंगरेप हुआ था। ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार हुआ था।

ये भी पढ़ें-
दिल्ली के धुबी घाट में दोस्त ने चाकू से गोदकर की युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार