देश की राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक एक खाली स्लीपर बस के अंदर 16 वर्षीय छात्रा के साथ गैंगरेप की वारदात हुई। घटना 4 अगस्त की रात की बताई जा रही है। पुलिस ने गैंगरेप के आरोपी बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया है।
नोएडा जाने के दौरान भटकी थी पीड़िता
पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं क्लास में पढ़ती है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, छात्रा घरवालों से नाराज होकर बिना बताए निकल गई थी और नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे-भाई के पास जा रही थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण छात्रा गलती से परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी।
कंडक्टर ने शुरू कर दी अश्लील हरकत
छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया, जिसके बाद बस रुक गई। ड्राइवर-कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 जाने की बात कहकर बस में बैठा लिया। आरोप है कि बस चलने के कुछ देर बाद कंडक्टर ने पीड़िता के साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी। पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ रेप किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी पीड़िता को देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतारकर फरार हो गए।
घबराई हुई छात्रा ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तिमारपुर की एक बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को जब्त कर लिया है और उसकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।
47 किलोमीटर के सफर के दौरान दरिंदगी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी बस में खराबी आने के बाद बस को सूरजपुर की वर्कशॉप में रिपेयरिंग के लिए लेकर गए थे। बस की रिपेयरिंग के बाद ड्राइवर और कंडक्टर खाली बस लेकर तिमारपुर जा रहे थे। इसी दौरान परी चौक पर छात्रा उन्हें मिली। परी चौक से कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर का सफर बस ने तय किया। बस स्लीपर होने और पर्दे लगे होने के कारण किसी भी राहगीर को बस के अंदर का दिखाई नहीं दिया। कुछ महीने पहले दिल्ली के भजनपुरा में एक 6 साल की मासूम बच्ची के साथ गैंगरेप की वारदात हुई थी।
ये भी पढ़ें-
अंकित बालियान के हत्यारे पुलिस के साथ मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी भी घायल, शामली में हुआ एनकाउंटर