1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अंकित बालियान के हत्यारे पुलिस के साथ मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी भी घायल, शामली में हुआ एनकाउंटर

अंकित बालियान के हत्यारे पुलिस के साथ मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी भी घायल, शामली में हुआ एनकाउंटर

 Written By: Shakti Singh
 Published : Aug 31, 2026 06:34 am IST,  Updated : Aug 31, 2026 08:47 am IST

एनकाउंटर शामली-कैराना रोड पर हुआ। यहां एक मकान के पास आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों आरोपी मारे गए। वहीं, दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

Ankit baliyan- India TV Hindi
मुठभेड़ के बाद पुलिसकर्मी Image Source : REPORTER INPUT

हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान के दो हत्यारे उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए हैं। यह एनकाउंटर सोमवार तड़के खेड़ी करमू गांव में हुआ। शामली-कैराना मार्ग के किनारे एक मकान के पास पुलिस और आरोपियों का आमना-सामना हुआ। आरोपियों ने पुलिस पर गोली चलाई, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए और अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ शामली में सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के पानीपत खटीमा हाईवे मार्ग पर हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अंकित बालियान के पिता ने कहा कि दो आरोपियों का एनकाउंटर होने से उन्हें आधा न्याय मिल गया है।

अंकित बालियान की हत्या में कथित तौर पर चार लोग शामिल थे। ये चारों बाइक पर आए थे और गोलीबारी कर फरार हो गए थे। दो हत्यारे करनाल और दो रोहतक के रहने वाले हैं। इनमें से दो हत्यारों की पहचान रविवार को सामने आई थी और अब दो आरोपियों का एनकाउंटर कर दिया गया। शूटर्स मोहित और सुमित एनकाउंटर में मारे गए हैं। इन दोनों ने 20-21 अगस्त को अंकित की रेकी भी की थी। मोहित और सुमित 20 अगस्त को शामली के सूर्या होटल में रुके थे। दोनों ने 20 और 21 अगस्त को पूरी रेकी की। दोनों होटल के सीसीटीवी में कैद हुए थे। होटल में रुक कर मोहित और सुमित ने अंकित के सारे मूवमेंट की रेकी की। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस अधिकारी का बयान

शामली के एसपीनरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा, "हमारे इलाके के एक जाने-माने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान, जो एक अच्छे परिवार से थे, उनका मर्डर हो गया। इसके बाद, हमारी SWAT टीम, सर्विलांस यूनिट, और सभी SHO, ASP, और CO (सिटी और कैराना) को केस सौंपा गया। मैंने आधी रात से सुबह 6.00 बजे तक नाकाबंदी का प्लान लागू करने का आदेश दिया था ताकि कोई भी गाड़ी बिना चेक किए जिले में न आ सके। आज, सुबह करीब 4.00 बजे, जब हिजाना के SHO वीरेंद्र कसाना अपने स्टेशन के पास चेकिंग कर रहे थे, तो उन्होंने करनाल की तरफ से एक मोटरसाइकिल आती देखी। उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की। बाइक पर दो क्रिमिनल सवार थे। उन्होंने तुरंत उन पर गोली चला दी। वह बाल-बाल बच गए, हालांकि उनकी गाड़ी में एक गोली लगी। उन्होंने तुरंत वायरलेस पर मैसेज भेजा। संदिग्धों की गाड़ी तेजी से भागी और कैराना की तरफ मुड़ गई। जब वे मन्ना मद्रा पुल के नीचे पहुंचे, तो थाना शहर के SHO धर्मेंद्र गौतम चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उन पर गोली चला दी, जिससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। पुलिसकर्मी ने तुरंत उन्हें चैलेंज किया। सस्पेक्ट्स शहर की तरफ बाएं मुड़ गए। हालांकि, वायरलेस पर पहले ही अलर्ट ब्रॉडकास्ट हो चुका था। ऐसे में हमारी SWAT टीम, सर्विलांस इंचार्ज, SHOs, CO सिटी, ASP, और CO कैराना सभी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद, सस्पेक्ट्स ने अचानक अपनी गाड़ी दाईं ओर, इस एरिया की तरफ मोड़ दी, जहां एनकाउंटर हुआ।"

डीएम और एसपी ने सख्त कार्रवाई का वादा किया था

शामली के डीएम आलोक यादव और पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने शनिवार को बंतीखेड़ा गांव पहुंचकर अंकित बालियान के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की थी। डीएम और एसपी ने मृतक के पिता सतवीर सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें आश्वासन दिया था कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। इससे एक दिन पहले परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताया था। अंकित की पत्नी सीमा ने चेतावनी दी थी कि अगर पुलिस चार दिन के भीतर उसके पति के हत्यारों को गिरफ्तार नहीं करती है तो वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह कर लेंगी। समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन, विधायक पंकज मलिक, आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल कुमार समेत कई राजनेताओं ने बंतीखेड़ा गांव पहुंचकर अंकित के परिवार से मुलाकात की और घटना की निंदा की।

बुधवार को हुई थी हत्या

बुधवार शाम करीब 6:45 बजे शामली कोतवाली क्षेत्र में एक जिम से निकलते समय गोली मारकर अंकित बालियान की हत्या कर दी गई थी। गंभीर रूप से घायल बालियान को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें बालियान को जिम से निकलते और अपनी कार की ओर जाते देखा जा सकता है। वीडियो में चार हमलावर दो मोटरसाइकिलों से आते हैं और गोली चलाने के बाद मौके से फरार हो जाते हैं। सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि बालियान को पांच गोलियां लगी थीं, जिनमें से दो सिर में लगी थीं। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया था कि यूपी एसटीएफ और पुलिस की अन्य टीमें सीसीटीवी फुटेज की मदद से चारों हमलावरों की पहचान करने में जुटी हैं। उन्होंने बताया था कि जांच में हमलावरों के हरियाणा की ओर भागने के रास्ते का भी पता लगाया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि शामली, गाजियाबाद के लोनी, दिल्ली और सोनीपत के कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज में चार लोगों को दो मोटरसाइकिलों पर भागते हुए देखा गया है। पुलिस ने हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

गोगी गिरोह ने ली हत्या की जिम्मेदारी

पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश एसटीएफ और शामली, बागपत तथा मेरठ जिलों की पुलिस टीमें जांच के सिलसिले में हरियाणा में मौजूद हैं। इस बीच, खुद को गोगी गिरोह का सदस्य बताने वाले एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कथित तौर पर बालियान की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। पुलिस इस दावे की सत्यता की जांच कर रही है। बालियान के पिता सतवीर सिंह की शिकायत पर चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) भानु भास्कर ने कहा था, ''हमें कई सुराग मिले हैं, लेकिन उन्हें सार्वजनिक करना उचित नहीं होगा। इसका खुलासा बहुत जल्द किया जाएगा।''

कबड्डी खिलाड़ी थे बालियान

शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले अंकित बालियान पहले कबड्डी खिलाड़ी थे। वह राज्य स्तर पर खेलते थे, लेकिन चोट लगने के बाद उनका करियर खत्म हो गया था। इसके बाद वह गायक और यूट्यूबर बन गए। उन्होंने गायक, गीतकार और संगीतकार के रूप में 50 से अधिक गानों पर काम किया था। उनकी हत्या के बाद शामली में विरोध प्रदर्शन हुए हैं। परिवार और स्थानीय लोगों ने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। बालियान का अंतिम संस्कार गुरुवार को उनके पैतृक गांव में किया गया। इस हत्या को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की भाजपा नीत सरकार पर निशाना साधते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। इससे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मांग की थी कि मामले की जांच संभावित राजनीतिक दुश्मनी के पहलू से भी की जानी चाहिए। भीम आर्मी के संस्थापक और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भी हत्या की निंदा करते हुए कहा था कि हरियाणवी गायक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करना ''बेहद दुखद और चिंताजनक'' है। (पीटीआई इनपुट के साथ)

(शामली से श्रवण पंडित की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान को लगीं 9 गोलियां, 4 तो बॉडी के आर-पार हो गईं; पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा

कौन थे सिंगर अंकित बालियान? जिम के बाहर कर दी गई हत्या, अतरंगी गानों से मचाते थे धूम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।