1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. कौन थे सिंगर अंकित बालियान? जिम के बाहर कर दी गई हत्या, अतरंगी गानों से मचाते थे धूम

कौन थे सिंगर अंकित बालियान? जिम के बाहर कर दी गई हत्या, अतरंगी गानों से मचाते थे धूम

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Aug 27, 2026 12:40 pm IST,  Updated : Aug 27, 2026 12:40 pm IST

हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की शामली में जिम के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर हत्या कर दी गई। पुलिस पुरानी रंजिश, चुनावी प्रतिद्वंद्विता और सोशल मीडिया पर गोगी गैंग के दावे की जांच कर रही है।

Ankit baliyan- India TV Hindi
अंकित बालियान। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर हरियाणवी गायक, अभिनेता और डिजिटल क्रिएटर अंकित बालियान की बुधवार, 26 अगस्त की शाम को जिम के बाहर अंधाधुंध गोलीबारी कर हत्या कर दी गई। इस जघन्य हत्याकांड से क्षेत्रीय संगीत उद्योग और उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच में जुटी है और पुरानी रंजिश, गैंगवार से जुड़ाव और आगामी स्थानीय पंचायत चुनावों की संभावित प्रतिद्वंद्वि समेत कई पहलुओं पर गहन छानबीन कर रही है।

जिम से बाहर निकलते ही ताबड़तोड़ गोलीबारी

35 वर्षीय अंकित बालियान शामली कोतवाली क्षेत्र स्थित एक जिम में वर्कआउट करने के बाद बाहर आए थे। जब वह अपनी कार की तरफ बढ़ रहे थे, तभी तीन से चार हथियारबंद बदमाशों ने उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, हमलावरों ने करीब 18 से 20 राउंड गोलियां चलाईं। कई गोलियां लगने के कारण अंकित गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े, जिसके बाद हमलावर मौके से आसानी से फरार होने में कामयाब रहे। उनकी इस निर्मम हत्या के बाद एक दर्दनाक संयोग भी चर्चा का विषय बना हुआ है। अंकित का सबसे लोकप्रिय गाना 'भारी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान' था, जिसे यूट्यूब पर 54 मिलियन से अधिक व्यूज मिल चुके थे। बंदूक और हिंसा की पृष्ठभूमि पर बना उनका यह गाना आज वास्तविक जीवन की एक दुखद घटना में बदल गया।

कौन थे अंकित बालियान? करियर और लोकप्रियता

मूल रूप से शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले अंकित बालियान हरियाणवी मनोरंजन उद्योग में अपना नाम कमाने के लिए हरियाणा चले गए थे। उन्होंने कई वर्षों तक रोहतक और सोनीपत में रहकर अपने करियर को आकार दिया। एक गायक, अभिनेता, निर्माता और यूट्यूबर के रूप में उन्होंने अपनी एक खास पहचान बनाई थी। उनके आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 3 लाख से भी ज्यादा सब्सक्राइबर्स थे। अंकित के गानों की शैली मुख्य रूप से क्षेत्रीय पहचान, ग्रामीण जीवनशैली, राजनीति, रौब-दाब और कानून-व्यवस्था के विषयों के इर्द-गिर्द घूमती थी। उनके प्रसिद्ध गानों में '112 एनई', 'गोली के बारूद', 'जाट जाटणी', 'अगला जन्म जाट', 'संविधान', 'मोदी बर्गा रुतबा', 'सिस्टम' और 'राइफलें' शामिल हैं। उन्होंने मासूम शर्मा, राजू पंजाबी और आशु ट्विंकल जैसे कई जाने-माने हरियाणवी कलाकारों के साथ काम किया था। उनका गाना '112 एनई' बेहद लोकप्रिय हुआ था, जिसके वह स्वयं निर्माता भी थे।

राजनीतिक सक्रियता और सामाजिक जुड़ाव

संगीत की दुनिया के अलावा अंकित बालियान धीरे-धीरे सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी अपनी भागीदारी बढ़ा रहे थे। उन्होंने किसान नेता राकेश टिकैत समेत कई प्रमुख हस्तियों के साथ पॉडकास्ट किए थे। वर्ष 2023 में उन्होंने शामली में एक बड़ा रोड शो भी आयोजित किया था। चर्चाएं थीं कि वह आने वाले जिला पंचायत चुनावों में उतरने की तैयारी कर रहे थे, हालांकि पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है कि हत्या के पीछे यह मुख्य वजह थी या नहीं।

गोगी गैंग ने ली जिम्मेदारी, पुलिस जांच तेज

अंकित बालियान की हत्या के बाद मामले में नया मोड़ तब आया जब सोशल मीडिया पर गोगी गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले एक अकाउंट ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली। वायरल पोस्ट में आरोप लगाया गया कि गायक के उनके विरोधी गिरोह के साथ संबंध थे। पुलिस इस सोशल मीडिया दावे की सत्यता और इसके स्रोत की गहन जांच कर रही है। घटना के विरोध में परिजनों और स्थानीय निवासियों ने दिल्ली-मुजफ्फरनगर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

ये भी पढ़ें:  200 करोड़ पार पहुंची 'आवारापन 2', बेकाबू हुईं दिशा पटानी, 'शीला की जवानी' पर किया जमकर डांस, थमीं फैंस की सांसें

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन