नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है, जिसके चलते दर्शकों की इसके एक-एक अपडेट पर नजर टिकी हुई है। अब इस फिल्म को रिलीज होने को एक महीना भी नहीं बचा है, ऐसे में मेकर्स पूरी तरह से इस कोशिश में जुटे हैं कि वह दर्शकों को इस फिल्म से जोड़े रखें। 'रामायण' के निर्माताओं ने रणबीर कपूर के जन्मदिन पर एक बिहाइंड द सीन वीडियो जारी किया था और फिर इसके कुछ दिन बाद फिल्म में राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे अरुण गोविल का पोस्टर जारी किया। इसके बाद में मेकर्स ने कैकयी की भूमिका निभा रहीं लारा दत्ता और मंथरा का रोल निभा रहीं शीबा चड्ढा का पोस्टर जारी किया। अब मेकर्स ने फिल्म से दो और पोस्टर जारी कर दिए हैं, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
'रामायण' के दो नए पोस्टर जारी
जारी किए गए पोस्टर में में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में और अरुण गोविल राजा दशरथ के रूप में नजर आ रहे हैं। पहले पोस्टर में राम के वनवास के पहले की झलक देखने को मिलती है, जहां वनवास में जाने से पहले राम अपने पिता राजा दशरथ के सामने झुककर प्रणाम करते हुए दिख रहे हैं, जबकि दूसरे में वे ज्येष्ठ पुत्र होने के नाते अपने पिता की अस्थि विसर्जित करते हुए दिखाए गए हैं। पोस्टर जारी करते हुए मेकर्स ने कैप्शन में लिखा- 'एक पिता, जो अपने वादे से बंधा है और एक बेटा जो अपने फर्ज से बंधा है। किसी को नहीं पता था कि ये उनकी अंतिम विदाई होगी।'
पिता-पुत्र के रिश्ते को दिखाते हैं दोनों पोस्टर
ये दोनों ही पोस्टर राम और दशरथ के रिश्ते पर केंद्रित हैं। एक तस्वीर में राम राजा दशरथ के सामने झुककर प्रणाम कर रहे हों तो तो दूसरी में वे अपने पिता को आखिरी विदाई दे रहे हैं। ये पल महाकाव्य के सबसे भावुक पलों में से एक है और महाकाव्य के केंद्र में मौजूद पारिवारिक रिश्तों की झलक दिखाते हैं। इन पोस्टर्स पर अब सोशल मीडिया यूजर्स के भी रिएक्शन आने शुरू हो गए हैं। एक ने कमेंट करते हुए लिखा- 'ये पोस्टर बेहद खूबसूरत लग रहे हैं।' वहीं एक ने लिखा- 'ये रामायण के सबसे भावुक पलों में से है। देखकर आंखें नम हो गईं।' एक ने लिखा- 'अब तो बस इस फिल्म के रिलीज होने का इंतजार है। रणबीर को राम के किरदार में देखने को बेताब हूं।'
'रामायण' की कास्ट और रिलीज डेट
रामायण में रणबीर कपूर से लेकर यश जैसे स्टार्स की टोली है। रणबीर कपूर जहां प्रभु श्रीराम की भूमिका निभा रहे हों तो वहीं यश लंकापति रावण की। रावण के किरदार में यश को देखने के लिए उनके फैंस खासे उत्साहित हैं। वहीं साई पल्लवी इस फिल्म में माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी और सनी देओल हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं। अरुण गोविल राजा दशरथ और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में दिखाई देंगे। लारा दत्ता कैकयी, शीबा चड्ढा मंथरा, काजल अग्रवाल मंदोदरी, रकुलप्रीत सिंह शूर्पणखा और विवेक ओबेरॉय विद्युतजिव्हा की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। 'रामायण- पार्ट 1' दिवाली 2026 में और 'रामायण पार्ट 2' दिवाली 2027 पर दर्शकों के बीच दस्तक देगी।
ये भी पढ़ेंः 'रामायण' के 39 साल बाद फिर साथ आ रहे अरुण गोविल-दीपिका चिखलिया, नई फिल्म में बने पति-पत्नी, OTT पर रिलीज होगी 'नोटिस'