1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. कौन हैं रिया छाबड़ी? जिन्होंने DUSU चुनाव में सचिव पद पर चुनाव जीतकर लहराया परचम

कौन हैं रिया छाबड़ी? जिन्होंने DUSU चुनाव में सचिव पद पर चुनाव जीतकर लहराया परचम

रिया छाबड़ी ने DUSU इलेक्शन में सचिव पद पर बड़े अंतर से चुनाव जीता है। इसके बाद से वह काफी चर्चा में आ गई हैं। आइए रिया छाबड़ी के बारे में जानते हैं।

riya chhawdi- India TV Hindi
Image Source : ABVP VOICE/INSTAGRAM DUSU के सचिव पद पर काबिज हुईं रिया छाबड़ी।

DU छात्र संघ चुनाव में ABVP का डंका बजा है। अध्यक्ष, सचिव और ज्वॉइंट सेक्रेटरी के पद पर ABVP उम्मीदवारों की जीत हुई है। वहीं, कांग्रेस का छात्र संगठन NSUI सभी पदों पर पीछे रहा। इस चुनाव में सचिव पद पर ABVP की तरफ से चुनाव में उतरीं रिया छाबड़ी भी काफी चर्चा में रहीं। रिया ने अपनी विरोधी नम्रता चौधरी को बड़े अंतर से हरा दिया है। इस खबर में जानते हैं कि रिया छाबड़ी कौन हैं।

रिया ने विरोधी को 6 हजार 781 वोटों के अंतर से दी मात

सेक्रेटरी पद के लिए ABVP की रिया छावड़ी 21 हजार 650 वोटों के साथ विजयी रहीं। उन्होंने NSUI की नम्रता चौधरी को 6 हजार 781 वोटों के अंतर से हरा दिया। नम्रता चुनाव में 14 हजार 869 वोट ही हासिल कर पाईं।

2023 में ABVP से जुड़ी थीं रिया छाबड़ी

ABVP Voice के इंस्टाग्राम पेज के एक पोस्ट के अनुसार, रिया छाबड़ी 2023 से ABVP से जुड़ी एक समर्पित स्टूडेंट एक्टिविस्ट हैं। रिया अभी श्री अरबिंदो कॉलेज में कॉलेज यूनिट की वाइस-प्रेसिडेंट हैं। बदरपुर के मोलादबंद गांव के एक किसान परिवार से आने वाली रिया ने छात्रों के मुद्दों के लिए सक्रिय रूप से काम किया है और यूनिवर्सिटी में संगठन की गतिविधियों में योगदान दिया है।

साथ ही, एक सक्रिय इंटर-कॉलेज बास्केटबॉल खिलाड़ी के तौर पर, रिया कैंपस लाइफ में खेल की भावना और लीडरशिप, दोनों का समावेश करती हैं। रिया अभी दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री अरबिंदो कॉलेज में B.A. प्रोग्राम के चौथे साल की पढ़ाई कर रही हैं और DUSU 2026-27 में सेक्रेटरी पद पर चुनाव जीत गई हैं।

DUSU चुनाव में पड़े थे 40.46 फीसदी वोट

गौरतलब है कि दिल्ली यूनिवर्सिटी में 52 पोलिंग सेंटर्स पर दो फेज में वोटिंग के बाद बीते शुक्रवार को DUSU चुनाव के लिए वोटिंग संपन्न हुई थी। मतदान में कुल 40.46 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई थी, जो पिछले तीन साल में सबसे अधिक है। पिछले साल मतदान का प्रतिशत 39.5 था।

DUSU चुनाव का रिजल्ट

ABVP ने DUSU चुनावों में चार में से तीन अहम पद जीते हैं। यश डबास ने प्रेसिडेंट का पद जीता, रिया छाबड़ी ने सेक्रेटरी का पद हासिल किया और लक्ष्य राज सिंह ने जॉइंट सेक्रेटरी का पद पर जीत पाई है। वहीं, वाइस प्रेसिडेंट के पद पर निर्दलीय कैंडिडेट दीपांशु शौकीन जीते हैं, जो पहले NSUI के मेंबर रह चुके हैं।

ये भी पढ़ें- डूसू अध्यक्ष पद पर ABVP की जीत, विनर यश डबास कौन हैं?