1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: मंदिर के अंदर महिला की चाकू घोंपकर हत्या, आरोपी फरार; जांच में जुटी पुलिस

दिल्ली: मंदिर के अंदर महिला की चाकू घोंपकर हत्या, आरोपी फरार; जांच में जुटी पुलिस

राजधानी दिल्ली के मानसरोवर पार्क इलाके से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला की मंदिर के अंदर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। महिला पर चाकू से कई बार हमला किया गया है।

महिला की चाकू घोंपकर की हत्या।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT महिला की चाकू घोंपकर की हत्या।

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक महिला की मंदिर के अंदर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई है। मामला पूर्वी दिल्ली के मानसरोवर पार्क इलाके का बताया जा रहा है। वहीं महिला की हत्या के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल घटना के बाद से आरोपी मौके से फरार हो गए हैं, जबकि पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की है। यह घटना दोपहर करीब 12 बजे डीडीए फ्लैट परिसर में स्थित मंदिर में हुई, जब महिला पूजा कर रही थी। 

महिला के सिर पर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 12 बजे पीसीआर फोन पर घटना के बारे में सूचना मिली। शाहदरा जिले के डीसीपी प्रशांत गौतम ने एक बयान में कहा, “फोन करने वाले व्यक्ति ने बताया कि दो युवकों ने मंदिर में एक महिला पुजारिन के सिर पर चाकू से हमला किया है।” डीसीपी ने बताया कि पीड़िता की पहचान मानसरोवर पार्क निवासी कुसुम शर्मा के रूप में हुई है। महिला के सिर और शरीर पर कई बार चाकू से वार किया गया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल कुसुम शर्मा को गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने अपने एक साथी के साथ मिलकर कुसुम पर चाकू से बार-बार हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्होंने कहा, “प्रथम दृष्टया यह मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत होता है, हालांकि मामले की जांच जारी है।” डीसीपी ने बताया, "मामले में जांच के लिए कई टीम गठित की गई हैं।" एक अधिकारी ने कहा, “इलाके और आसपास के कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से हमलावरों की पहचान की जा रही है।”

हत्या का मामला दर्ज

पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है। पुलिस ने कहा कि हत्या का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक जांच में यह व्यक्तिगत रंजिश या सुनियोजित हमले का मामला लग रहा है। अधिकारी ने कहा, “सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।” पुलिस ने घटना की कड़ियों को जोड़ने के लिए परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और स्थानीय निवासियों से भी पूछताछ की है। मानसरोवर पार्क थाने में इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर कानूनी कार्यवाही की जा रही है। 

यह भी पढ़ें-

मर गई इंसानियत! मृत महिला के गले से निकाल गए सोने के आभूषण, सगे भाइयों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

हाथ में धारदार हथियार लेकर शख्स ने दी धमकी, केक काटते हुए बनाया वीडियो; पुलिस ने सिखाया सबक