अनुष्का शर्मा ने इन दिनों फिल्मों से ब्रेक लिया है। वह आखिरी बार शाहरुख खान और कैटरीना कैफ के साथ 'ज़ीरो' फिल्म में नज़र आई थीं।
Image Source : INSTAGRAMAnushka Sharma
मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने एक ट्वीट कर झारखंड के जमशेदपुर की दिल दहला देने वाली घटना पर गुस्सा ज़ाहिर किया है। यहां तीन साल की बच्ची को रेलवे स्टेशन से किडनैप कर गैंगरेप किया गया। इसके बाद बच्ची का गला काट दिया गया। इस घटना से आक्रोशित एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की है।
अनुष्का ने ट्वीट किया, '3 साल की बच्ची, जो रेलवे स्टेशन पर अपनी मां के पास सो रही थी, उसे किडनैप किया गया, गैंगरेप किया गया और जमशेदपुर में गला काटकर उसकी हत्या कर दी गई। ये बेहद घिनौना और अमानवीय है। इस घटना के बारे में जानकर मैं गुस्से से भर गई हूं। ये बहुत डरावना है। मैं उम्मीद और अपील करती हूं कि इस मामले में जल्द से जल्द न्याय मिले और आरोपियों को कड़ी सजा मिले, ताकि अगली बार ऐसा नृशंस काम करने से पहले रूह कांप उठे।'
बता दें कि बीते 25 जुलाई की रात को टाटानगर रेलवे स्टेशन के परिसर में 3 साल की बच्ची चोरी हो गई। सीसीटीवी कैमरे के जरिए पुलिस ने आरोपी रिंकू साहू को उसके घर से धर दबोचा। उसने अपने दोस्त कैलाश कुमार के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की और बच्ची का धड़ बरामद कर लिया, लेकिन उसका सिर नहीं मिला। आरोपी ने यह भी बताया कि वह पहले भी इस तरह की घटना को अंजाम दे चुका है।