मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'आ गया हीरो' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। वह एक बार फिर अपनी इस फिल्म से कमबैक करने जा रहे हैं। फिलहाल वह अपनी इस फिल्म के प्रमोशन में जु़टे हुए हैं। हाल ही में फिल्म के एक प्रमोशनल इवेंट पर गोविंदा ने काफी बेबाकी से कई सवालों के जवाब दिए है, जिसके कारण वह चर्चा में आ गए हैं। युवा अभिनेता वरुण धवन के बारे में कहा जाता है कि वह गोविंदा के अंदाज में खुद को ढालने की कोशिश करते हैं। लेकिन गोविंदा इस बात को लेकर हैरान हैं कि आखिर लोग उनकी तुलना वरुण धवन से क्यों कर रहे हैं।
इसे भी पढ़े:-
अपनी ज्यादातर भूमिकाओं में शरारती और मजाकिया नजर आने की वजह से वरुण को अक्सर युवा गोविंदा के तौर पर देखा जाता है। हालांकि, गोविंदा का मानना है कि वरुण से उनकी तुलना गलत है।
गोविंदा ने गुरुवार को फिल्म 'आ गया हीरो' के कार्यक्रम में कहा, "रणवीर सिंह और वरुण धवन दोनों की सलमान खान की तरह बॉडी है। लेकिन लोग उन्हें मेरे जैसा कह रहे हैं। अगर वे खुद को सलमान कहते हैं तो उन्हें फिल्में नहीं मिलेंगी। खान की जगह लोग उन्हें स्वीकार नहीं कर पाएंगे। फिल्मी दुनिया इसी तरह चलती है।"
उन्होंने कहा, "वरुण मेरे जैसे कैसे हैं? गोविंदा बनने के लिए उन्हें मासूम, अनपढ़ और गांव का होने की आवश्यकता है। वरुण पहले ही निर्देशक के बेटे हैं। पिछले 6 सालों में उन्होंने अपने पिता की दो फिल्मों से ज्यादा किसी में काम नहीं किया, जबकि मैं उनके पिता डेविड धवन के साथ 17 फिल्मों में काम कर चुका हूं।"
वर्ष 1990 में गोविंदा, डेविड धवन के साथ बॉलीवुड की 'जोड़ी नंबर 1' दे चुके हैं। हालांकि, पिछले कुछ वर्षो में दोनों के समीकरण बिगड़ गए हैं। फिलहाल गोविंदा 'आ गया हीरो' को लेकर उत्साहित हैं। उनकी यह फिल्म 3 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Latest Bollywood News