मुंबई: टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस सीजन 10’ का हिस्सा रहे टीवी अभिनेता रोहन मेहरा को लोगों ने बिग बॉस के घर में काफी पसंद किया। रोहन बिग बॉस के घर में 102 दिन रहे और ग्रैंड फिनाले से महज 3 दिन पहले घर से बाहर हुए। ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ से मशहूर हुए रोहन और उनकी गर्लफ्रेंड कांची सिंह को अब स्टार प्लस के मशहूर डांस रियलिटी शो ‘नच बलिए सीजन 8’ का ऑफर मिला है, लेकिन खबर है कि रोहन और कांची ने इस ऑफर को ठुकरा दिया है।
इसे भी पढ़ें:-
रोहन का कहना है, ‘ये सच है कि हमें नच बलिए के लिए ऑफर मिला है, ये हमारे लिए खुशी की बात है, नच बलिए में हिस्सा लेकर मैं और कांची ज्यादा वक्त साथ बिता पाते, और हमारा डांस भी अच्छा हो जाता। लेकिन मैं अभी-अभी एक रियलिटी शो का हिस्सा था, इतनी जल्दी फिर से मैं कोई रियलिटी शो का हिस्सा नहीं बनना चाहता था इसलिए हमने ये ऑफर ठुकरा दिया।’
रोहन और कांची पहले ऐसे कपल नहीं हैं जिन्होंने ये ‘नच बलिए 8’ का ऑफर ठुकराया है, इससे पहले सुयश और किश्वर ने भी शो में जाने से इनकार कर दिया। कल किश्वर मर्चेंट ने ट्वीट करके अपने फैंस को इसकी जानकारी दी।
‘नच बलिए 8’ के लिए जो नाम अभी तक कन्फर्म हुए हैं उनमें पहला नाम ‘बिग बॉस 10’ से मशहूर हुई भोजपुरी अभिनेत्री मोनालीसा अंतरा और उनके पति विक्रम सिंह राजपूत हैं।
इसके अलावा लाइफ ओके के सीरियल ‘गुलाम’ के अभिनेता विकास मनकतला और उनकी पत्नी गुंजन वालिया का नाम भी कन्फर्म बताया जा रहा है।
‘ये है मुहब्बतें’ की मशहूर टीवी कलाकार दिव्यांका त्रिपाठी और उनके पति विवेक दहिया का नाम भी नच बलिए के आठवें सीजन के लिए सामने आ रहा है लेकिन उनकी तरफ से अभी इसकी आधिरकारिक पुष्टि नहीं हुई है।