सलमान खान आए दिन सोशल मीडिया में अपने परिवार के सदस्यों के साथ तस्वीरें साझा करते रहते हैं। हाल ही में एक्टर ने सोहेल खान के बेटे और निर्वाण के साथ फोटो शेयर की है। फोटो शेयर करते हुए सलमान ने कैप्शन में लिखा- चाचा भतीजा।
सलमान ने इस तस्वीर के साथ यह तो नहीं बताया कि यह कहां की है, पर माना जा रहा है कि तस्वीर रूस की है, जहां सलमान अपनी फ़िल्म टाइगर-3 की शूटिंग कर रहे हैं। इससे पहले टाइगर के सेट से एक और तस्वीर बाहर आयी थी, जिसमें निर्वाण सलमान के साथ खड़े नजर आ रहे थे। इन तस्वीरों को देखकर ये कहना गलत नहीं होगा कि निर्वाण की फिल्म ट्रेनिंग टाइगर 3 के साथ शुरू हो चुकी है।
खबरों की मानें तो निर्वाण टाइगर-3 से बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर जुड़े हैं। निर्वाण निर्देशन में करियर बनाना चाहते हैं। इससे पहले कटरीना कैफ़ ने रूस के सेंट पीटर्सबर्ग से अपनी तस्वीरें शेयर की थीं, जिनमें वो काफ़ी ख़ुश नजर आ रही थीं।
बता दें कि टाइगर-3, यशराज बैनर की बेहद कामयाब फ्रेंचाइजी की तीसरी फ़िल्म है। इसका निर्देशन मनीष शर्मा कर रहे हैं। इस फ्रेंचाइजी की शुरुआत कबीर ख़ान निर्देशित एक था टाइगर के साथ हुई थी। इसके बाद अली अब्बास ज़फ़र ने टाइगर ज़िंदा है निर्देशित की, जो बड़ी सफलता साबित हुई थी। सलमान फ़िल्म में रॉ एजेंट के किरदार में नज़र आते हैं, जबकि कटरीना पाकिस्तानी ख़ुफिया एजेंट के रोल में दिखायी दी थीं।
टाइगर-3 को लेकर ख़बरें आयी थीं कि इमरान हाशमी खलनायक के रोल में दिखायी देंगे। हालांकि, इसकी पुष्टि अभी ना तो इमरान की ओर से की गयी है और ना ही टीम की ओर से कुछ कहा गया है। हाल ही में इमरान ने एक इंटरव्यू में फ़िल्म में ना होने की बात कहकर चौंका दिया था। वर्क फ्रंट की बात करें तो इस फिल्म के अलावा सलमान खान के खाते में अंतिम- द फाइनल ट्रुथ, किक 2 और भाईजान जैसी कई बड़ी फिल्में शामिल हैं। साथ ही वो बिग बॉस शो में भी जल्द नजर आने वाले हैं।
पढ़ें बॉलीवुड से जुड़ी अन्य खबरें-
Latest Bollywood News