A
Hindi News मनोरंजन बॉलीवुड शूटिंग के दौरान मीडिया संग झड़प पर संजय दत्त ने मांगी माफी

शूटिंग के दौरान मीडिया संग झड़प पर संजय दत्त ने मांगी माफी

संजय दत्त इन दिनों अपनी कमबैक फिल्म ‘भूमि’ की शूटिंग में काफी व्यस्त हैं। फिलहाल उनकी इस फिल्म की शूटिंग ताज महल के पास चल रही है। हाल ही में फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके सुरक्षाकर्मियों और मीडियाकर्मियों के बीच झड़प हो गई।

sanjay dutt- India TV Hindi sanjay dutt

आगरा: बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त इन दिनों अपनी कमबैक फिल्म ‘भूमि’ की शूटिंग में काफी व्यस्त हैं। फिलहाल उनकी इस फिल्म की शूटिंग ताज महल के पास चल रही है। हाल ही में फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके सुरक्षाकर्मियों और मीडियाकर्मियों के बीच झड़प हो गई। यह घटना उस समय हुई जब फिल्म की यूनिट गुरुवार को कलाकृति ताज वीआईपी रोड पर शूटिंग कर रही थी। इस दौरान बाउंसरों ने भीड़ को धक्का देना शुरू कर दिया और कुछ मीडियाकर्मियों से भी बदसलूकी की।

उन्होंने कथित तौर पर मीडिया वालों के कैमरे तक छीन लिए जिसके बाद एक पत्रकार ने फिल्म शूटिंग कर रही यूनिट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इस पूरे मामले की जानकारी मिलते ही संजय दत्त ने बाद में पत्रकारों से माफी मांगते हुए कहा कि अगर वह वहां होते तो यह सब नहीं होने देते।

संजय दत्त ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “मैं साफ करना चाहता हूं कि जब यह सब हुआ, मैं सेट पर था भी नहीं। मैं पैकअप करके होटल के लिए निकल चुका था। अगर मैं वहां होता, तो निश्चित रूप से यह सब नहीं होता। मैं जादू की झप्पी देकर इसे निपटा लेता। मैंने घटना के बाद मीडिया के लोगों से बात भी की थी और माफी मांगी।“

उन्होंने कहा, “मैं आगरा की जनता का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जिन्होंने फिल्म यूनिट के लिए इतना प्यार दिखाया। मैं केवल यह कहना चाहता हूं कि मुझे आपका सहयोग चाहिए। हमारी फिल्म से शहर का प्रचार हो रहा है और इस बीच ऐसी कोई घटना घटती है तो सभी के लिए शर्मनाक है।“

संजय दत्त पिछले साल फरवरी में जेल की सजा पूरी करके निकले थे जिसके बाद ‘भूमि’ उनकी पहली फिल्म है जिसका निर्देशन उमंग कुमार कर रहे हैं। इसके अलावा संजय दत्त के जिंदगी पर भी फिल्म बनाई जा रही है। इसमें अभिनेता रणबीर कपूर, संजू बाबा की किरदार निभाते हुए दिखाई देंगे।

Latest Bollywood News