A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. जसकीरत को घर पहुंचाने वाले ऑटो ड्राइवर ने नहीं देखी 'धुरंधर 2', तंगहाली ने किया मजबूर, बच्चों का भी तोड़ना पड़ा दिल

जसकीरत को घर पहुंचाने वाले ऑटो ड्राइवर ने नहीं देखी 'धुरंधर 2', तंगहाली ने किया मजबूर, बच्चों का भी तोड़ना पड़ा दिल

बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों 'धुरंधर 2' छाई हुई है, जिसने कमाई के मामले में बड़े-बड़े दिग्गजों की फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म देखने वालों की ऐसी होड़ है कि टिकट के दाम भी आसमान छू रहे हैं। इस बीच फिल्म में नजर आया एक कलाकार भी चर्चा में है, जिसने खुद ही महंगाई के चलते अपनी फिल्म नहीं देखी।

dhuandhar 2- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@OFFICIALJIOSTUDIOS धुरंधर 2

रणवीर सिंह स्टारर 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तहलका मचाया है कि बड़े-बड़ों के होश उड़ चुके हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बनी ये फिल्म दिन पर दिन कमाई के रिकॉर्ड तोड़ रही है। फिल्म को रिलीज हुए अभी एक हफ्ता भी नहीं हुआ है और इसने बॉक्स ऑफिस पर 900 करोड़ कलेक्शन का आंकड़ा पार कर लिया है। 'धुरंधर 2' को लेकर ऐसी मार है कि वीकेंड तो वीकेंड वर्क डेज पर भी टिकट के दाम आसमान छू रहे हैं। इस बीच 'धुरंधर 2' में नजर आए एक एक्टर ने बताया कि उसने खुद अब तक अपनी फिल्म नहीं देखी है और इस एक्टर ने फिल्म न देख पाने की जो वजह बताई है, वो किसी को भी भावुक कर देगी।

धुरंधर 2 के एक्टर ने खुद नहीं देखी अपनी फिल्म

धुरंधर 2 के आखिरी सीन में जसकीरत सिंह रंगी (रणवीर सिंह) एक ऑटो में सवार होकर अपने घर पहुंचता है। फिल्म के इस आखिरी सीन में ऑटो रिक्शा चालक की भूमिका में नजर आए कलाकार ने बताया कि उन्होंने अब तक धुरंधर 2 नहीं देखी है। एक्टर से जब पूछा गया कि उन्होंने अपनी फिल्म क्यों नहीं देखी तो उसने जो जवाब दिया वो इमोशनल कर देने वाला था। इस कलाकार ने बहुत ही सादगी से कहा- 'साहब, फिल्म अभी नई-नई ही आई है, टिकट के दाम 500 रुपये हैं। मेरी इतनी हैसियत नहीं कि 500 खर्च करके अपनी ही फिल्म देख पाऊं। इसलिए अब तक थिएटर नहीं जा पाया हूं।'

बच्चों को भी नहीं दिखा पाया धुरंधर 2

एक्टर ने बताया कि उनके बच्चे भी उन्हें बड़े पर्दे पर देखने को उत्साहित हैं, लेकिन उनकी आर्थिक हालत उनके सामने दीवार बनकर खड़ी हो चुकी है। उन्होंने इमोशनल होकर कहा- 'बच्चे बोल रहे थे कि धुरंधर 2 देखने चलते हैं, लेकिन हम लोग परिवार में पांच लोग हैं। पांच लोगों के टिकट यानी, 2500 रुपये। ये तो हमारी पूरे महीने की बचत है। अब अगर 2500 की फिल्म देखेंगे तो क्या बचाएंगे। मैंने बच्चों को समझाया है कि थोड़ा रुक कर चलते हैं। तब तक भीड़ भी कम हो जाएगी और टिकट के दाम भी कम हो जाएंगे। टिकट के दाम कम होने पर सब साथ चलेंगे।'

बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर 2 की धूम

धुरंधर 2 के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो 19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने पेड प्रीव्यू को मिलाकर वर्ल्ड वाइड 900 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म बवंडर बन चुकी है और फिल्म के सभी कलाकार भी काफी चर्चा में हैं। खासतौर पर रणवीर सिंह के अभिनय की काफी तारीफ हो रही है और राकेश बेदी ने भी दर्शकों को हैरान कर दिया है। इससे पहले दिसंबर 2025 में फिल्म का पहला भाग यानी धुरंधर रिलीज हुई थी, जिसने दुनियाभर में 1300 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था।

ये भी पढ़ेंः 'तुम इतनी बड़ी एक्ट्रेस नहीं', यामी गौतम को जब डिजाइनर ने लहंगा देने से किया मना, मां की साड़ी पहन बनी थीं आदित्य धर की दुल्हन
टैलेंट का खजाना है दिग्गज अभिनेता सईद जाफरी की बेटी, बॉलीवुड नहीं हॉलीवुड में जमाई धाक, खूबसूरती से नहीं हटेगी नजर

Latest Bollywood News