1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 74 कोड़े और देश छोड़ने की मनाही, मुश्किल में ईरानी सिंगर परस्तू अहमदी, स्लीवलेस ड्रेस पहनने पर हुआ बवाल

74 कोड़े और देश छोड़ने की मनाही, मुश्किल में ईरानी सिंगर परस्तू अहमदी, स्लीवलेस ड्रेस पहनने पर हुआ बवाल

ईरानी सिंगर परस्तू अहमदी ने दिसंबर 2024 में यू्ट्यूब पर एक लाइव कॉन्सर्ट किया था, जिसमें उन्होंने स्लीवलेस ड्रेस पहनकर परफॉर्म किया था। अपनी इसी ड्रेस को लेकर परस्तू पर अब बड़ी मुसीबत आन पड़ी है।

Parastoo Ahmadi- India TV Hindi
Image Source : YOUTUBE/PARASTOO AHMADI हिजाब न पहनने पर सिंगर को मिली सजा।

ईरान की मशहूर सिंगर परस्तू अहमदी को लेकर एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। ईरानी सिंगर को हिजाब छोड़कर स्लीवलेस ड्रेस पहनकर लाइव कॉन्सर्ट करना भारी पड़ गया है। ये मामला परस्तू के दिसंबर 2024 के एक ऑनलाइन लाइव कॉन्सर्ट से जुड़ा है, जिसमें परस्तू अहमदी ने एक स्लीवलेस ड्रेस पहनकर परफॉर्मेंस दी थी। उन्होंने इस दौरान हिजाब नहीं पहना। इस वीडियो के सामने आने के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया था, मगर बाद में छोड़ दिया गया। अब इस मामले में सिंगर को 74 कोड़ों और 2 साल तक देश न छोड़ने की सजा मिली है। इस फरमान के बाद कई मानवाधिकार एक्टिविस्ट परस्तू के बचाव में आगे आए हैं और उन्हें मिली सजा का विरोध किया है।

परस्तू अहमदी को हिजाब न पहनने की मिली सजा

द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, परस्तू अहमदी को हिजाब न पहनने पर ये सजा मिली है। ईरान के कोम प्रांत की कोर्ट ने परस्ती और उनकी टीम के 8 सदस्यों को 74-74 कोड़े मारने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने सिंगर और उनकी टीम पर अश्लील कंटेंट साझा करने के आरोप लगाते हुए ये फरमान सुनाया है। यही नहीं, परस्तू को 2 साल तक ईरान छोड़ने की इजाजत नहीं है और किसी भी तरह के आर्टिस्टिक एक्टिविटीज में शामिल होने पर भी बैन लगाया गया है। इस फरमान से ईरान के कई कलाकारों में हड़कंप मच गया है और इसकी जमकर निंदा हो रही है।

2024 के वीडियो पर बवाल

परस्तू अहमदी ने दिसंबर 2024 में अपना ये वीडियो यूट्यूब पर अपलोड किया था। सिंगर ने यूट्यूब पर एक लाइव परफॉर्मेंस दी थी। इस दौरान उन्होंने ईरान का देशभक्ति गाना 'आज खूने जवानाने वतन' गाया था और इसे लाखों व्यूज मिले थे। लेकिन, सिंगर ने इस कॉन्सर्ट में हिजाब की जगह एक स्लीवलेस ड्रेस पहनी थी। फिर क्या था, देखते ही देखते ईरान में ये वीडिय जंगल में आग की तरह फैल गया, जिसे लेकर खूब बवाल हुआ। विवाद के बाद ईरानी अधिकारियों ने परस्तू और उनकी टीम के सदस्यों को हिरासत में ले लिया। हालांकि, बाद में परस्तू और उनकी टीम के सदस्यों को छोड़ दिया गया, लेकिन कानूनी कार्रवाई खत्म नहीं हुई।

ईरान में सिंगिंग को लेकर हैं सख्त नियम

दिसंबर 2024 के दौरान आयोजित इस ऑनलाइन लाइव कॉन्सर्ट में परस्तू अहमदी ने ब्लैक कलर की स्लीवलेस ड्रेस पहनी थी, जिसे ईरान के अधिकारियों ने कानून का उल्लंघन मानते हुए सिंगर को हिरासत में ले लिया। बता दें, ईरान में सिंगिंग को लेकर काफी सख्त नियम हैं। महिलाओं को पब्लिक प्लेस पर गाने की मनाही है। यही नहीं, महिलाओं के बिना हिजाब पब्लिक प्लेस पर आने पर भी मनाही है। लेकिन, परस्तू हमेशा से इन नियमों के खिलाफ रही हैं। वह 2022 में हिजाब विरोधी प्रोटेस्ट में भी शामिल हुई थीं।

ये भी पढ़ेंः Cocktail 2 Collection Day 1: पहले दिन छा गई शाहिद कपूर की 'कॉकटेल 2', तोड़ा 'कॉकटेल' का रिकॉर्ड, डबल डिजिट में की कमाई
लिमिट भूले 84 साल के डायरेक्टर के राघवेंद्र राव! एक्ट्रेस की बांह पकड़कर खींचा, वीडियो देखकर तिलमिलाए लोग

Latest Bollywood News