1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. लालबागचा राजा के दरबार में शाहरुख खान, पत्नी गौरी और बेटी सुहाना भी दिखीं साथ, हाथ जोड़कर लिया बप्पा का आशीर्वाद

लालबागचा राजा के दरबार में शाहरुख खान, पत्नी गौरी और बेटी सुहाना भी दिखीं साथ, हाथ जोड़कर लिया बप्पा का आशीर्वाद

शाहरुख खान हाल ही में मुंबई के राजा 'लालबागचा राजा' के दर्शन को पहुंचे। इस दौरान उनकी पत्नी गौरी खान और बेटी सुहाना खान भी उनके साथ मौजूद रहीं। किंग खान ने अपने परिवार के साथ बप्पा के दर्शन किए।

shah rukh khan- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@VIRALBHAYANI परिवार के साथ लालबागचा राजा के दर्शन को पहुंचे शाहरुख खान।

गणपति उत्सव के दौरान मुंबई के राजा कहे जाने वाले प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दरबार में भक्तों से लेकर बड़े-बड़े सितारों का मेला लगता है। हाल ही में अंबानी परिवार ने लालबागचा राजा के दर्शन किए और रणवीर सिंह, जेनेलिया डिसूजा, रितेश देशमुख, जैकी भगनानी सहित बॉलीवुड के भी कई सितारों ने लालबागचा राजा के दरबार में हाजिरी लगाई। अब बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान का भी एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह लालबागचा राजा के दरबार में नजर आ रहे हैं। शाहरुख खान बप्पा का आशीर्वाद लेने लालबागचा राजा के दरबार में पहुंचे, जहां उनके साथ उनकी पत्नी गौरी खान, बेटी सुहाना खान और मैनेजर पूजा ददलानी भी नजर आईं।

लालबागचा राजा के दर्शन को पहुंचे शाहरुख खान

शाहरुख खान नीले रंग का कुर्ता पहने ट्रेडिशनल लुक में लालबागचा राजा के दर्शन के लिए पहुंचे। माथे में टीका लगाए किंग खान पूरी तरह से बप्पा की भक्ति में डूबे दिखे। बप्पा के दरबार में पहुंचने के बाद उन्होंने बप्पा के सामने हाथ जोड़े और फिर सिर झुकाकर बप्पा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान गौरी खान जहां पीले रंग के सूट में नजर आईं तो वहीं सुहाना खान हरे रंग के सूट में दिखीं। जैसे ही शाहरुख खान अपने परिवार के साथ लालबागचा राजा के दर्शन को पहुंचे, वहां खड़े भक्तों का ध्यान भी उन पर चला गया, जिसके चलते सुपरस्टार के इर्द-गिर्द भीड़ जमा हो गई।

भारी सुरक्षा के बीच लालबागचा राजा के दर्शन को पहुंचे शाहरुख

इस दौरान शाहरुख खान के इर्द-गिर्द भारी सुरक्षा था, जिसने उन्हें पंडाल तक सुरक्षित पहुंचने में मदद की और फिर बाहर आने में भी मदद की। इस दौरान शाहरुख काफी अच्छे मूड में नजर आए। आमतौर पर कैमरा इग्नोर करने वाले किंग खान ने पैपराजी के सामने पोज भी दिए और हाथ हिलाकर अपने फैंस का अभिवादन किया। लालबागचा राजा के दर्शन के लिए आगे बढ़ते हुए उन्होंने मुस्कुराकर सभी का अभिवादन किया। इस दौरान वह अपनी पत्नी और बेटी का ध्यान रखते भी नजर आए। भीड़ के बीच आगे बढ़ते हुए उन्होंने सुहाना और गौरी को कार में बैठाया और फिर उनके साथ चले गए।

शाहरुख खान का वर्कफ्रंट

शाहरुख खान इन दिनों लगातार अपनी अपकमिंग फिल्म 'किंग' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं, जो इस साल के आखिरी में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन और अभय वर्मा जैसे कलाकार भी नजर आने वाले हैं। हाल ही में शाहरुख ने AskSRK सेशन के दौरान अपने फैंस से 'किंग' के बारे में बात की। शाहरुख खान ने सेशन के दौरान साफ किया कि 'एवेंजर्स डूम्सडे' और 'ड्यून 3' के चलते उनकी फिल्म पोस्टपोन नहीं होने वाली, फिल्म तय डेट पर ही रिलीज होगी। वहीं उन्होंने हर साल अपने घर में होने वाले गणपति उत्सव के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि उनके घर पर भी हर साल बप्पा का आगमन होता है, जहां गौरी बप्पा की आरती और पूजा करती हैं और घर के अन्य सदस्य भी पूजा में शामिल होते हैं।

ये भी पढ़ेंः शाहरुख खान पूरे परिवार के साथ मनाते हैं गणेश उत्सव, पत्नी गौरी करती हैं पूजा-प्रार्थना, बोले- 'आज बप्पा का विसर्जन होगा'

Latest Bollywood News