1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. नेशनल अवॉर्ड विनिंग फिल्म में कंगना रनौत संग काम करने वाले थे वरुण धवन, 400 करोड़ी थ्रिलर ठुकराकर हुआ पछतावा

नेशनल अवॉर्ड विनिंग फिल्म में कंगना रनौत संग काम करने वाले थे वरुण धवन, 400 करोड़ी थ्रिलर ठुकराकर हुआ पछतावा

वरुण धवन ने हाल ही में उस फिल्म के बारे में बात की, जिसे ठुकराने पर उन्हें बेहद पछतावा हुआ था। उन्होंने बताया कि वह इस फिल्म में कंगना रनौत के साथ काम करने वाले थे और आज भी उन्हें इस फिल्म को ठुकराने का पछतावा है।

kangana ranaut - India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@VARUNDVN/@KANGANARANAUT वरुण धवन, कंगना रनौत।

वरुण धवन ने साल 2012 में करण जौहर की 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से डेब्यू किया था। इंडस्ट्री में उन्हें 14 साल हो चुके हैं और इन सालों में उन्होंने कई हिट फिल्में दी हैं तो कई फ्लॉप भी उनके खाते में आई हैं। अब वरुण धवन अपनी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' को लेकर चर्चा में हैं, जो 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म को दर्शकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स ही मिला है। इस बीच वरुण धवन ने उस फिल्म के नाम का खुलासा किया, जिसे न करने पर आज भी उन्हें पछतावा होता है। वरुण को 8 साल पहले एक थ्रिलर फिल्म ऑफर हुई थी, जिसमें उनके साथ कंगना रनौत नजर आने वाली थीं। रिलीज होने के बाद इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के साथ-साथ नेशनल अवॉर्ड भी जीता था। ये फिल्म है 'अंधाधुन', जिसमें वरुण धवन के साथ कंगना रनौत लीड रोल में नजर आने वाली थीं।

वरुण धवन को आज भी है अंधाधुन रिजेक्ट करने का पछतावा

वरुण धवन ने अब सालों बाद इस बात का खुलासा किया है कि आयुष्मान खुराना, तब्बू और राधिका आप्टे स्टारर थ्रिलर 'अंधाधुन' (2018) पहले उन्हें ऑफर हुई थी। इस फिल्म में वह कंगना रनौत के साथ काम करने वाले थे, लेकिन वह डेट्स की दिक्कतों के चलते ये फिल्म नहीं कर पाए और उनके साथ-साथ कंगना भी अंधाधुन में नजर नहीं आईं। वरुण बताते हैं कि आज भी इस फिल्म को न कर पाने का उन्हें पछतावा है।

अंधाधुन क्यों नहीं कर पाए वरुण धवन?

वरुण धवन ने तन्मय भट्ट के साथ बातचीत में  'अंधाधुन' के बारे में बात की। वरुण से जब किसी ऐसी फिल्म का नाम पूछा गया, जिसे उन्होंने रिजेक्ट कर दिया और बाद में वो क्रिटिकली और कमर्शियली हिट रही हो और आज भी इसे न कर पाने का उन्हें पछतावा है तो जवाब में वरुण ने कहा- 'मुझे लगता है कि एक अच्छी फिल्म जिसे मैंने मना कर दिया और बाद में वो बहुत बड़ी हिट साबित हुई, वो थी अंधाधुन। मैं उस समय किसी और फिल्म की शूटिंग में व्यस्त था, जिसके चलते मैं उस फिल्म को नहीं कर पाया। इसकी ओरिजिनल कास्ट में मैं और कंगना रनौत थे।'

नेशनल अवॉर्ड विनिंग फिल्म है अंधाधुन

बता दें, वरुण धवन और कंगना रनौत की एग्जिट के बाद इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और तब्बू ने मुख्य भूमिका निभाई थी। श्रीराम राघवन की इस क्राइम थ्रिलर को रिलीज के बाद दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था और ये साल की सबसे सफल फिल्मों में से एक थी। 32 करोड़ में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 440 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था और तीन नेशनल अवॉर्ड भी अपने नाम किए थे। फिल्म की कहानी एक म्यूजिशियन आकाश के इर्द-गिर्द घूमती है, जिस पर अंधा होने की धुन सवार है। लेकिन, वो तब एक बड़ी मुसीबत में फंस जाता है जब वह एक कत्ल होते देखता है। फिल्म को बेस्ट हिंदी फिल्म, बेस्ट एक्टर और बेस्ट एडेप्टेड स्क्रीनप्ले के लिए तीन नेशनल अवॉर्ड मिले थे।

ये भी पढ़ेंः तलाक के बाद भी जय भानुशाली की पक्की दोस्त हैं माही विज, ट्रोलिंग को लेकर भी दिया जवाब
जाह्नवी कपूर के पेड्डी सीन्स को क्या बोल गईं आशिकी की हीरोइन, बोलीं- 'हमेशा से रहा है यही ट्रेंड'

Latest Bollywood News