टीवी की दुनिया के पॉपुलर कपल जय भानुशाली और माही विज ने बीते दिनों सहमति से तलाक ले लिया था। इसके बाद माही के अफेयर की खबरें सलीम के साथ जोड़ी गईं। हालांकि बाद में माही ने इन खबरों को खारिज करते हुए सलीम को अपना दोस्त बताया। इसके बाद माही को काफी ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा था। अब माही ने तलाक के बाद अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है। साथ ही ये भी बताया कि तलाक के बाद उनका जय भानुशाली के साथ कैसा रिश्ता है।
राजीव खंडेलवाल के शो में बोलीं माही
राजीव खंडेलवाल इन दिनों अपना एक शो 'तुम हो ना - घर की सुपरस्टार' होस्ट कर रहे हैं। इस शो की अगली मेहमान माही विज होने वाली हैं। इस एपिसोड में माही अपनी निजी जिंदगी के बारे में खुलकर बात करती नजर आएंगी। शो में एक भावुक बातचीत के दौरान माही ने जुदाई के बाद के जीवन, जय के साथ अपने अटूट रिश्ते और जीवन के सबसे चुनौतीपूर्ण दौर में अपने पिता से मिले अपार समर्थन पर प्रकाश डाला। माही ने बताया कि कैसे उनका परिवार मजबूती से उनके साथ खड़ा रहा। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता ने कभी भी किसी बात पर सवाल नहीं उठाया और हमेशा उन्हें खुशी को सर्वोपरि चुनने के लिए प्रोत्साहित किया। अभिनेत्री ने यह भी खुलासा किया कि जय आज भी उनके सबसे अच्छे दोस्त हैं और न केवल उनके साथ बल्कि उनके परिवार के साथ भी उनका घनिष्ठ संबंध बना हुआ है।
किसी ने कभी नहीं उठाया सवाल
माही ने कहा, 'दरअसल, मुझे लगता है कि उन्होंने कभी किसी बात पर सवाल नहीं उठाया और हमेशा यही कहा है कि तुम जो भी फैसला लो, हम तुम्हारे साथ हैं, तुम्हें बस जीवन में खुश रहना चाहिए। हम दोनों के बीच, जय अभी मेरे सबसे अच्छे दोस्त हैं और मेरे लिए परिवार की तरह हैं। मेरे पिता भी जय के साथ घर जाते हैं, वे साथ में चाय पीते हैं और जय भी कभी-कभी घर आते हैं।' माही ने आगे बताया कि अलग होने के बावजूद दोनों परिवारों के बीच कोई कड़वाहट नहीं है। अपने जीवन में आए बड़े बदलावों के दौर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनके पिता सहज रूप से समझ गए थे कि उन्हें सलाह या आलोचना के बजाय चुपचाप समर्थन की जरूरत है। माही बताती हैं, 'हमारा रिश्ता बहुत अच्छा है और मुझे खुशी है कि किसी के बीच कोई कड़वाहट नहीं है। हम अब भी परिवार की तरह जुड़े हुए हैं और एक-दूसरे का साथ देते हैं। और जब ये सब हो रहा था, तो आप जानते हैं कि क्या होता है, आपको लगता है कि कोई सवाल न पूछें, बस चुपचाप बैठें, और उन्होंने भी यही किया। वे चुपचाप बैठे रहते थे, बिना कुछ पूछे कि तुम ऐसा क्यों कर रही हो, ऐसा होगा, यह गलत है।'
14 साल बाद लिया था तलाक
माही और जय की शादी को 14 साल हो गए थे। वे दो बच्चों - राजवीर और खुशी के पालक माता-पिता बने और 2019 में आईवीएफ के ज़रिए उनकी बेटी तारा का जन्म हुआ। इस साल की शुरुआत में दंपति ने सोशल मीडिया पर एक संयुक्त बयान के ज़रिए अपने अलग होने की घोषणा की थी। टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय जोड़ों में से एक रहे इन दोनों ने कहा कि अलग होने का फैसला आपसी सहमति से और अपने परिवार के प्रति सावधानी, सम्मान और विचार के साथ लिया गया था।
ये भी पढ़ें-सुभाष घई की फिल्म ताल जो रही थी सुपरहिट, गाने भी वायरल, लेकिन IMDB रेटिंग है बेहद कम, अब सीक्वल के चर्चे