कौन थीं नैन्सी ग्रेवाल? सोशल मीडिया स्टार की कनाडा में हत्या, चाकू घोंपकर उतारा मौत के घाट
फेमस यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवार की कनाडा में हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि चाकू घोंपकर उन्हें मौत के घाट उतारा गया है। नैन्सी कौन थीं और उनके साथ ऐसा क्यों हुआ, जानें।

कनाडा के लासेल से एक दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां भारतीय मूल की प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। लासेल पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए इस दुखद घटना की पुष्टि की है। 45 वर्षीय नैन्सी अपनी बेबाक बयानबाजी और राजनीतिक टिप्पणियों के लिए जानी जाती थीं, 3 मार्च 2026 की रात अपने घर में मृत पाई गईं। इस घटना ने न केवल कनाडा में रह रहे भारतीय समुदाय को झकझोर दिया है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी शोक और आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। इस मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी और पुलिस जांच के बारे में जानने के लिए नीचे स्क्रोल करें।
घटना का विवरण और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
लासेल पुलिस विभाग के अनुसार यह घटना 3 मार्च 2026 की रात को टॉड लेन के 2400 ब्लॉक में घटित हुई। रात लगभग 9:30 बजे पुलिस को चाकूबाजी की एक इमरजेंसी रिपोर्ट मिली, जिसके बाद बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा। वहां नैन्सी ग्रेवाल गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। उन्हें तत्काल एसेक्स-विंडसर इमरजेंसी मेडिकल सर्विसेज द्वारा अस्पताल पहुँचाया गया, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद इलाके को सील कर दिया है और हमलावर की तलाश तेज कर दी है।
यहां देखें पोस्ट
पुलिस का बयान
पुलिस ने अपनी आधिकारिक पोस्ट में जनता से सहयोग मांगते हुए लिखा है, '3 मार्च 2026 को रात 9:30 बजे से कुछ समय पहले, इमरजेंसी सर्विस टॉड लेन के 2400 ब्लॉक में चाकू मारने की रिपोर्ट पर पहुंची। एक 45 साल की महिला को चोटें आई थीं। उसे एसेक्स-विंडसर इमरजेंसी मेडिकल सर्विस ने हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां बाद में चोटों की वजह से उसकी मौत हो गई। यह एक एक्टिव जांच है और लोग टॉड लेन पर ज़्यादा देर तक पुलिस की मौजूदगी की उम्मीद कर सकते हैं। जिस किसी के पास भी जानकारी है, उनसे डिटेक्टिव सार्जेंट जेमी नेस्टर से संपर्क करने के लिए कहा गया है। हम आस-पास रहने वाले किसी भी व्यक्ति से वीडियो सर्विलांस की भी मांग कर रहे हैं।'
यहां देखें पोस्ट
विवादित मुद्दे और बेबाक राजनीतिक राय
नैन्सी ग्रेवाल सोशल मीडिया पर एक सक्रिय चेहरा थीं और अक्सर पंजाब की राजनीति तथा धार्मिक नेतृत्व के खिलाफ अपने कड़े रुख के कारण चर्चा में रहती थीं। वह शिरोमणि अकाली दल की लीडरशिप विशेष रूप से बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ अपनी टिप्पणियों को लेकर हमेशा विवादों के घेरे में रहीं। इसके अलावा वह जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह और डेरा ब्यास प्रमुख गुरिंदर सिंह ढिल्लों के खिलाफ भी मुखर होकर बोलती थीं। नैन्सी ने भारत और कनाडा के बीच चल रहे कूटनीतिक तनाव पर भी अपनी राय खुलकर रखी थी और कई बार सार्वजनिक मंचों पर खालिस्तानी विचारधारा की कड़ी निंदा की थी। उनके इन्हीं बेबाक बयानों के कारण उनके कई विरोधी भी थे, जो अब जांच का एक मुख्य हिस्सा हो सकते हैं।
इंसाफ की मांग और साथी इन्फ्लुएंसर का मामला
अपनी मौत से पहले नैन्सी ग्रेवाल एक अन्य सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी (कमल कौर भाभी) की मौत के मामले में इंसाफ की मांग कर रही थीं। कंचन कुमारी जून 2025 में बठिंडा में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थीं, जिसे नैन्सी ने लगातार "हत्या" करार दिया था और इसके पीछे की साजिश को उजागर करने का दावा किया था। नैन्सी अक्सर कहती थीं कि सच बोलने वालों को चुप कराने की कोशिश की जा रही है। अब उनकी खुद की हत्या ने इन दावों को और अधिक गंभीर बना दिया है।
जांच की वर्तमान स्थिति और अपील
फिलहाल लासेल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों की तलाश कर रही है। पुलिस ने साफ किया है कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, टॉड लेन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की गुप्त जानकारी या टिप देने के लिए 519-258-8477 पर कॉल करें या www.catchcrooks.com पर ऑनलाइन जानकारी साझा करें। नैन्सी के प्रशंसक और परिवार अब इस क्रूर हमले के पीछे के असल मकसद और दोषी की गिरफ्तारी का इंतजार कर रहे हैं।
कौन थीं नैनसी?
कनाडा में रहने वाली पंजाबी मूल की नैंसी ग्रेवाल एक निडर यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थीं, जो अपनी बेबाक बयानबाजी के लिए पहचानी जाती थीं। इंस्टाग्राम पर 12 हजार से अधिक फॉलोअर्स रखने वाली नैंसी केवल मनोरंजन के लिए वीडियो नहीं बनाती थीं, बल्कि वह पंजाब की राजनीति और भारत-कनाडा के जटिल संबंधों जैसे गंभीर मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती थीं।
ये भी पढ़ें: Subedaar Review: बिखरी पटकथा और कमजोर इमोशनल ट्रिगर्स वाली औसत फिल्म, अनिल कपूर का दमदार अभिनय भी नहीं आया काम