लता मंगेशकर ने एम एस धोनी को टैग करते हुए उनके रिटायरमेंट पर ट्वीट किया है।
लता मंगेशकर
मुंबई: भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए सेमी-फाइनल मैच में भारत की हार हुई और भारतीय टीम वर्ल्ड कप 2019 की रेस से बाहर हो गई। इस हार से सभी दुखी थे और खासतौर पर धोनी के फैन्स, क्योंकि ये एम एस धोनी का आखिरी वर्ल्ड कप था। इस हार के साथ ही शुरू हो गई धोनी के रिटायरमेंट की चर्चा। हर तरफ खबर आने लगी कि धोनी जल्द ही रिटायरमेंट की घोषणा कर सकते हैं। धोनी के रिटायरमेंट पर मशहूर गायिका लता मंगेशकर ने ट्वीट किया है।
लता मंगेशकर ने ट्वीट करते हुए लिखा है- नमस्कार एम एस धोनी जी, आज कल मैं सुन रही हूं कि आप रिटायर होना चाहते हैं। कृपया आप ऐसा मत सोचिए। देश को आप के खेल की जरूरत है और ये मेरी भी रिक्वेस्ट है कि रिटायरमेंट का विचार आप मन में मत लाइए।
बता दें, कल जब एम एस धोनी रन आउट होकर पवेलियन लौटे तो उनके साथ वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचने की उम्मीद भी खत्म हो गई। धोनी और जडेजा ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वो असफल रहे। इसके बाद धोनी और रोहित शर्मा को रोते हुए भी देखा गया।