एंटरटेनमेंट से भरा होगा दिवाली 2026 वीक, थिएटर ही नहीं OTT पर भी मिलेगा मनोरंजन का तगड़ा डोज, रिलीज होंगी ये फिल्में और सीरीज
दिवाली वीक में जहां सिनेमाघरों में इस साल की सबसे चर्चित फिल्म 'रामायणः पार्ट 1' रिलीज होने वाली है तो वहीं OTT प्लेटफॉर्म्स पर भी मनोरंजन का तगड़ा डोज मिलने वाला है। ओटीटी पर कई नई फिल्में और सीरीज दस्तक देने के लिए तैयार है। तो चलिए जानते हैं कि दिवाली वीक पर आपको ओटीटी पर क्या नया देखने को मिलेगा।

दिवाली वीक पर सिनेमाघरों में इस साल की सबसे चर्चित और मेगा-बजट फिल्म 'रामायणः पार्ट 1' रिलीज होने जा रही है, जिसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज बना हुआ है। 5 नवबंर को 'रामायण' सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है, जिसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और सनी देओल जैसे स्टार लीड रोल में नजर आएंगे। एक तरफ जहां सिनेमाघरों में 'रामायण' बड़े धमाके के लिए तैयार है तो वहीं दूसरी तरफ ओटीटी पर कई फिल्में और सीरीज दस्तक देने जा रही हैं। यानी नवंबर का पहला सप्ताह मनोरंजन के लिहाज से काफी खास रहने वाला है। दिवाली के आसपास दर्शकों को घर बैठे मनोरंजन का शानदार मौका मिलने जा रहा है। चलिए जानते हैं इस हफ्ते ओटीटी पर रिलीज होने वाली फिल्मों और सीरीज के बारे में।
हैवान- OTT प्लेटफॉर्म: सोनी लिव, रिलीज डेट: 6 नवंबर
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी 'हैवान' इस सप्ताह ओटीटी पर रिलीज हो रही है। इस फिल्म में सैफ अली खान और अक्षय कुमार लीड रोल में हैं। फिल्म कहानी एक दृष्टिहीन व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो हत्या की जांच के दौरान एक उलझे हुए मामले में फंस जाता है। अक्षय कुमार फिल्म में नकारात्मक किरदार निभाते नजर आएंगे। थ्रिलर और रहस्य पसंद करने वालों के लिए यह फिल्म खास हो सकती है।
मिनियन्स एंड मॉन्स्टर्स- OTT प्लेटफॉर्म: जियोहॉटस्टार, रिलीज डेट: 2 नवंबर
एनिमेशन और कॉमेडी पसंद करने वाले दर्शकों के लिए भी ओटीटी पर एक दिलचस्प फिल्म रिलीज होने जा रही है। ये फिल्म है 'मिनियन्स एंड मॉन्स्टर्स', पियरे कॉफिन और पैट्रिक डेलेज के निर्देशन में बनी यह फिल्म मिनियन्स के एक नए रोमांचक सफर को सामने लाती है। अपनी शरारतों और मजेदार हरकतों के लिए मशहूर ये फ्रेंचाइजी और इसके काले-पीले किरदार एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। खास बात ये है कि बच्चे भी इस फिल्म का लुत्फ उठा सकते हैं।
ब्लाइंड गेम- OTT प्लेटफॉर्म: जी5, रिलीज डेट: 4 नवंबर
अर्जुन रामपाल और प्रियामणि स्टारर 'ब्लाइंड गेम' भी ओटीटी पर दस्तक के लिए तैयार है। ये क्राइम-सस्पेंस 4 नवंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर रिलीज हो रही है। संगीत सिवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में एक सस्पेंडेड पुलिस अधिकारी की कहानी दिखाई गई है, जो सस्पेंड किए जाने के बाद भी गायब हुई नकदी से जुड़े मामले की तह तक जाने की कोशिश करता है और जांच के दौरान कई शॉकिंग ट्विस्ट आते हैं, जो इस फिल्म को रोमांचक बनाते हैं और कहानी को आगे बढ़ाते हैं।
द ग्रेटेस्ट- OTT प्लेटफॉर्म: अमेजन प्राइम वीडियो, रिलीज डेट: 4 नवंबर
महान बॉक्सर मोहम्मद अली के जीवन पर आधारित 'द ग्रेटेस्ट' भी दिवाली वीक पर ही दर्शकों के बीच दस्तक दे रही है। ये बायोग्राफिकल ड्रामा उनके स्पोर्ट्स करियर के शुरुआती दौर से लेकर हैवीवेट चैंपियन बनने तक के सफर को दिखाता है। फिल्म की कहानी 1960 के रोम ओलंपिक में उनके गोल्ड मेडल जीतने से शुरू होती है। इसमें उनकी निजी जिंदगी, पारिवारिक रिश्तों, लोकप्रियता और सामाजिक मुद्दों पर उनके विचारों को भी जगह दी गई है। आठ एपिसोड की इस सीरीज को मोहम्मद अली के एस्टेट और उनकी पत्नी लोनी अली के सहयोग से तैयार किया गया है।
आई एम गेम- OTT प्लेटफॉर्म: जियोहॉटस्टार, रिलीज डेटः 6 नवंबर
दुलकर सलमान अब अपनी एक्शन थ्रिलर 'आई एम गेम' को लेकर सुर्खियों में हैं, जो 6 नवंबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होने जा रही है। नहास हिदायत द्वारा निर्देशित इस मलयालम फिल्म की कहानी एक ऐसे जुआरी के इर्द-गिर्द घूमती है जो अपनी किस्मत पर भरोसा करता है, लेकिन अचानक कई कुछ ऐसी घटनाओं में फंस जाता है, जिसकी उसे उम्मीद नहीं होती। फिल्म की कास्ट में कयादु लोहार और एंटनी वर्गीस भी शामिल हैं। अन्य भाषाओं के दर्शकों के लिए, यह फिल्म डब वर्जन के साथ भी उपलब्ध होगी।
द गिल्डेड एज सीजन 4- OTT प्लेटफॉर्म: जियोहॉटस्टार, रिलीज डेट: 2 नवंबर
पीरियड ड्रामा के शौकीनों के लिए 'द गिल्डेड एज' का चौथा सीजन नई कहानी के साथ लौट रहा है। इस सीरीज की पृष्ठभूमि 19वीं सदी का न्यूयॉर्क है, जहां अमीर परिवारों के बीच प्रतिष्ठा, धन और सामाजिक प्रभाव को लेकर लगातार कॉम्प्टीशन चलता रहता है। नए सीजन में भी पारिवारिक रिश्तों, राजनीतिक प्रभाव, बदलते सामाजिक मूल्यों और आपसी दुश्मनी की कहानी आगे बढ़ेगी।
दिलवाली दिवाली- OTT प्लेटफॉर्म: नेटफ्लिक्स, रिलीज डेट: 5 नवंबर
दिवाली के मौके पर रिलीज हो रही 'दिलवाली दिवाली' एक पारिवारिक कहानी है। फिल्म में मिहिर आहूजा अंश सिक्का नाम के एक NRI युवक की भूमिका निभा रहे हैं, जो विदेश से भारत लौटकर अपने पंजाबी परिवार के साथ समय बिताना चाहता है। वह अपने परिवार को बेहतर जिंदगी देने के सपने देखता है, लेकिन घर लौटने के बाद उसे कई ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, जिनकी उसने कल्पना नहीं की थी। रितेश मेनन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में मनोज पाहवा, नीलू कोहली और ऑरा भटनागर भी अहम भूमिकाओं में हैं।
नॉर्थ ऑफ नॉर्थ सीजन 2- OTT प्लेटफॉर्मः Netflix, रिलीज डेट: 5 नवंबर
कनाडाई कॉमेडी सीरीज 'नॉर्थ ऑफ नॉर्थ' का दूसरा सीजन भी अब दर्शकों के बीच आने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसकी कहानी आइस कोव नाम के आर्कटिक समुदाय में रहने वाली सियाजा के इर्द-गिर्द घूमती है और इस सीजन की कहानी उसकी जिंदगी को आगे बढ़ाती है। एक यंग इनुक मां के रूप में सियाजा अपने लिए नई शुरुआत करना चाहती है। इस दौरान उसे समाज के साथ-साथ अपने परिवार और काम से जुड़ी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। सीरीज में कॉमेडी के साथ भावनात्मक पहलुओं को भी दिखाया गया है।
वन ईयर टू लिव, बाय अ मैन- OTT प्लेटफॉर्म: नेटफ्लिक्स, रिलीज डेट: 5 नवंबर
अगर आपको रोमांटिक और इमोशनल कहानियां पसंद हैं तो ये जापानी ड्रामा आपके लिए खास हो सकता है। कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे पता चलता है कि उसकी जिंदगी में अब सिर्फ एक ही साल बचा है और जैसे ही उसे इसके बारे में पता चलता है वह एक फैसला लेती है। वह तय करती है कि अब वो अपनी जिंदगी अपने हिसाब से जीयेगी। ।इसी दौरान उसकी मुलाकात एक उभरते हुए एक्टर से होती है और दोनों के बीच एक अनोखा समझौता होता है। धीरे-धीरे यह रिश्ता भावनात्मक जुड़ाव में बदलने लगता है।
पॉसिबल लव- OTT प्लेटफॉर्म: नेटफ्लिक्स, रिलीज डेट: 6 नवंबर
कोरियन सिनेमा पसंद करने वालों के लिए 'पॉसिबल लव' इस हफ्ते से नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध होगी। यह एक ड्रामा फिल्म है, जिसमें रिश्तों, भावनाओं और जिंदगी के अचानक बदलते हालात को केंद्र में रखा गया है। कहानी यह दिखाती है कि अप्रत्याशित परिस्थितियों में इंसान को अपने निजी जीवन और रिश्तों को लेकर किस तरह के फैसले लेने पड़ सकते हैं।