रियेलिटी शो 'राइज एंड फॉल सीजन 2' को शुरू हुए अभी 2 ही दिन हुए हैं और शो में विवादों का सिलसिला शुरू हो गया है। शो के शुरुआती एपिसोड से ही 'रोडीज' के पूर्व स्टार सिवेत तोमर आज चर्चा में हैं। हालिया एपिसोड में सिवेत तोमर, शहजाद पूनावाला से भिड़ गए और बात हाथापाई तक पहुंच गई। हाल ही में शहजाद पूनावाला के साथ हुई उनकी हाथापाई का वीडियो सामने आने के बाद से ही शो चर्चा में बना हुआ है। इस हाथापाई के बाद सिवेत को शो से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। शो से बाहर होने के सिवेत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए अपने एक्शन का बचाव किया है।
सिवेत तोमर ने किया अपना बचाव
सिवेत ने इंस्टाग्राम पर एक वायरल क्लिप पोस्ट की, जिसमें वह शहजाद का कॉलर पकड़कर उनके साथ हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। ये वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा- 'ये टैटू मेरे स्किन पर सिर्फ स्याही नहीं है... ये मेरी पहचान है। ये उस परंपरा की याद दिलाता है, जिसे मैं आगे बढ़ा रहा हूं। 'वीर भोग्य वसुंधरा', यानी धरती पर बहादुर लोगों का ही राज होता है। इसलिए अगर आपको ये लगता है कि आप लोगों को गुमराह कर सकते हैं और मैं बस चुपचाप बैठा रहूंगा तो ये गलत है। इसका मतलब आप मुझे बिलकुल नहीं जानते।'
अपनी बात पर अड़े सिवेत
उन्होंने आगे कहा, 'मैंने पहले भी कहा है और एक बार फिर साफ शब्दों में कह रहा हूं, जिसने मेरे साथ गलत किया है, मैं उसके साथ तब तक कोई खेल या बातचीत नहीं करूंगा जब तक वह सच्चे दिल से मुझसे माफी नहीं मांगेगा। यह मेरा अहंकार नहीं , बल्कि मेरी सीमा (बाउंड्री) है। और जब मैं कोई बात कहता हूं, तो उस पर कायम रहता हूं। मासूम लोगों को गुमराह करना और राजनीतिक फायदे के लिए उन्हें धर्म के आधार पर बांटना बंद करें। हर राजनीतिक एजेंडे से ऊपर इंसानियत को रखें। मैं इसलिए पीछे नहीं हटूंगा क्योंकि सब मेरे खिलाफ हैं। भले ही मुझे अकेले खड़ा होना पड़े, मैं अपनी बात पर अडिग रहूंगा। क्योंकि मेरे लिए, मेरी जबान ही सब कुछ है। धरती बहादुरों की है।'
सिवेत तोमर कौन हैं और वे इतने मशहूर क्यों हैं?
सिवेत तोमर की बात करें तो वह उत्तराखंड के देहरादून के रहने वाले हैं और पेशे से एक मॉडल, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और रियलिटी टीवी पर्सनैलिटी हैं। 3 जुलाई 1998 को जन्मे सिवेत ने देहरादून में अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की और बाद में रायपुर के गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज से बैचलर ऑफ कॉमर्स की पढ़ाई की है। 2023 में सिवेत ने 'रोडीजः कर्म कांड' में बतौर कंटेस्टेंट एंट्री ली थी और प्रिंस नरूला की गैंग का हिस्सा बने थे। वह इस सीजन के फर्स्ट रनरअप भी थे। इसके बाद वह स्प्लिट्सविला X5 में नजर आए और इसके बाद 'रोडीजः डबल क्रॉस' के साथ रोडीज फ्रैंचाइजी में लौटे, जहां वे एक 'इनसाइडर' के तौर पर नजर आए। 2026 में वह 'The 50' में भी नजर आए थे।
ये भी पढ़ेंः स्वरा भास्कर ने पहना 'मोटी' लिखा ब्लाउज, देखकर वीरेंद्र सहवाग ने पूछी वजह तो बोलीं- 'लोग मुझे यही बुलाते हैं'