'राइज एंड फॉल सीजन 2' की शुरुआत हो चुकी है और शुरू होते ही ये शो चर्चा में आ गया है। शो को शुरू हुए 1 ही दिन हुआ है और कंटेस्टेंट्स के बीच नोंकझोंक भी शुरू हो गई है। इस बार वीरेंद्र सहवाग शो होस्ट कर रहे हैं। शो में स्वरा भास्कर ने भी बतौर कंटेस्टेंट एंट्री ली है और शो में एंट्री लेने के साथ ही उन्होंने ट्रोल्स को तगड़े अंदाज में जवाब दे दिया है। स्वरा भास्कर ने शो में पर्पल साड़ी पहनकर एंट्री ली थी, जिसके ब्लाउज ने सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया। स्वरा के ब्लाउज में बड़े-बड़े अक्षरों में 'मोटी' लिखा था। ये देखकर वीरेंद्र सहवाग ने भी स्वरा से पूछ लिया कि उन्होंने अपने ब्लाउज में 'मोटी' क्यों लिखवाया है, जिसका जवाब देते हुए स्वरा ने बताया कि बॉडी शेमिंग के चलते उन्होंने ये शब्द अपने ब्लाउज में लिखवाया है।
स्वरा भास्कर ने पहना 'मोटी' लिखा ब्लाउज
स्वरा भास्कर ने बताया कि जब से उनकी बेटी का जन्म हुआ है, उनका वजन काफी बढ़ गया है। उनके बढ़े वजन को लेकर उन्हें सोशल मीडिया यूजर्स ने मोटी का टैग दे दिया है। इसीलिए उन्होंने इस टैग को गर्व से अपनाकर ट्रोल्स को जवाब दिया है। स्वरा के अनुसार, लोग उन्हें उनके बढ़े वजन के चलते अलग-अलग नामों से बुलाते हैं। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें 'मोटी', 'भैंस', 'हाथी', 'हिप्पो' और 'गाय' जैसे शब्दों से बुलाते हैं। स्वरा कहती हैं कि ये उनके लिए सिर्फ एक शब्द नहीं है, बल्कि पिछले तीन सालों में झेली गई ट्रोलिंग का जवाब भी है।
ट्रोलिंग पर स्वरा भास्कर का जवाब
स्वरा भास्कर कहती हैं- 'मेरी बेटी अभी तीन साल की है। जब से मेरी बेटी का जन्म हुआ है, अजनबियों ने जिन्हें मैं जानती तक रहीं हूं सोशल मीडिया और दूसरी जगह पर मुझे खूब ट्रोल किया। मोटी हो गई है, भैंस हो गई है, हिप्पो हो गई है, हाथी हो गी है। तो मैंने कहा कि हां मैं ये हो गई हूं और अब आपके शब्दों को स्वीकार करती हूं।' इस तरह स्वरा ने ट्रोल्स को जवाब दिया।
स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला के बीच छिड़ी जंग
'राइज एंड फॉल 2' की बात करें तो शो में स्वरा भास्कर के अलावा करण पटेल, प्रियंका चाहर चौधरी, गौतम गुलाटी और शहजाद पूनावाला सहित कई सेलेब्स ने बतौर कंटेस्टेंट एंट्री ली है और पहले दिन से ही शो का माहौल राजनीतिक अखाड़े में बदल गया है। शो के शुरू होते ही शहजाद पूनावाला और स्वरा भास्कर में जबरदस्त जुबानी जंग देखने को मिली। पहले एपिसोड में ही दोनों एक-दूसरे पर तंज कसते दिखे। बातचीत के दौरान शहजाद ने स्वरा के पति फहद अहमद का भी जिक्र छेड़ दिया और देखते ही देखते बहस करियर तक भी पहुंच गई।