1. Hindi News
  2. Explainers
  3. वेनेजुएला की नई राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज के अमेरिका से कैसे हैं संबंध, वो और ट्रंप एक-दूसरे के बारे में क्या रखते हैं राय? जानें सबकुछ

वेनेजुएला की नई राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज के अमेरिका से कैसे हैं संबंध, वो और ट्रंप एक-दूसरे के बारे में क्या रखते हैं राय? जानें सबकुछ

Delcy Rodriguez News: वेनेजुएला में राष्ट्रपति बदलने के साथ ही क्या किसी महत्वपूर्ण जियोपॉलिटिकल गेम का पर्दा उठ चुका है? जिन डेल्सी रोड्रिग्ज पर कभी अमेरिका ने प्रतिबंध लगाए थे, आज ट्रंप उन्हीं की तारीफ क्यों कर रहे हैं। क्या ये डील का संकेत है या ट्रंप की कोई नई रणनीति?

delcy rodriguez trump relation- India TV Hindi
Image Source : AP वेनेजुएला की नई राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज के अमेरिका से कैसे हैं संबंध?

Venezuela New President: वेनेजुएला में सिर्फ राष्ट्रपति बदला है या किसी बड़े जियोपॉलिटिकल गेम की शुरुआत हुई है? जिन डेल्सी रोड्रिग्ज पर एक जमाने में अमेरिकी प्रतिबंध लग गए थे, आज उन्हीं पर डोनाल्ड ट्रंप भरोसा जता रहे हैं। ट्रंप कह रहे हैं कि डेल्सी वो सबकुछ करने के लिए रेडी हैं, जो वेनेजुएला को दोबारा महान बनाने के खातिर जरूरी है। अमेरिका एक तरफ वेनेजुएला पर कंट्रोल करने का दावा कर रहा है और दूसरी तरफ डेल्सी, मादुरो की रिहाई की मांग कर रही हैं, वॉशिंगटन पर जुबानी हमले बोल रही हैं। सवाल है कि आखिर डेल्सी रोड्रिग्ज के ट्रंप और अमेरिका के साथ रिश्ते हैं कैसे? क्या ट्रंप का डेल्सी की तारीफ करना किसी समझौते का बड़ा संकेत है या यह महज दबाव बनाने की राजनीति? ट्रंप और डेल्सी, आपस में दोस्त हैं, मजबूरी हैं या दुश्मन? इस आर्टिकल में विस्तार से जानिए वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन और अमेरिका की स्ट्रैटेजी की पूरी कहानी।

मादुरो की साथी पर ट्रंप लगाएंगे दांव

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चौंकाने वाला बयान देते हुए कहा कि वेनेजुएला का कंट्रोल अमेरिका अपने हाथ में ले सकता है, मुमकिन है कि यह निकोलस मादुरो के सबसे भरोसे वाले साथियों में से किसी एक के साथ तालमेल में किया जाए। जान लें कि डेल्सी रोड्रिग्ज, जो वेनेजुएला की नई राष्ट्रपति बन गई हैं, 2018 से निकोलस मादुरो की उपराष्ट्रपति के तौर पर काम कर रही थीं। शनिवार को वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट ने उनको अंतरिम राष्ट्रपति का पद संभालने का ऑर्डर दिया।

अमेरिका ने डेल्सी पर क्यों लगाए थे प्रतिबंध?

इस बीच, डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में डेल्सी रोड्रिग्ज को लेकर कहा, 'मूल रूप से वह सब करने के लिए तैयार हैं, जिसको हम वेनेजुएला को फिर से महान बनाने के लिए आवश्यक समझते हैं।' आपको ये जानकार हैरानी होगी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान वेनेजुएला की डेमोक्रेसी को कमजोर करने में उनके रोल के चलते डेल्सी पर अमेरिका की तरफ से प्रतिबंध लगाए गए थे।

नोबेल प्राइज विनर नेता को ट्रंप क्यों नहीं कर रहे सपोर्ट

वेनेजुएला में नेता से रूप में दूसरे विकल्प पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि नोबेल प्राइज विनर और विपक्षी नेता मारिया कोरिना माचाडो के पास देश चलाने का सपोर्ट नहीं है।

डेल्सी की तारीफ में क्या बोले ट्रंप?

डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि डेल्सी रोड्रिग्ज की अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से फोन पर काफी देर तक बातचीत हुई है, जिसमें डेल्सी ने कहा, ‘आपको जो भी चाहिए, हम करने को तैयार हैं।’ ट्रंप ने डेल्सी के बारे में बात करते हुए आगे कहा, 'फोन पर बातचीत में वह काफी शालीन थीं। हम यह रिस्क नहीं ले सकते कि वेनेजुएला की कमान किसी ऐसे शख्स को मिल जाए, जो वेनेजुएला के लोगों का भला ना सोचता हो।'

डेल्सी ने अमेरिका को दिखाए तेवर

हालांकि, इसके उलट डेल्सी रोड्रिग्ज ने वेनेजुएला की सत्तारूढ़ पार्टी के अलग-अलग गुटों के बीच शक्ति और एकता दिखाने का प्रयास किया। सुप्रीम कोर्ट की तरफ से उनको राष्ट्रपति नियुक्त करने के फैसले से पहले डेल्सी ने अपने बयान में निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस की तत्काल रिहाई की डिमांड की। इसके अलावा, वेनेजुएला में अमेरिका के मिलिट्री ऑपरेशन को संयुक्त राष्ट्र चार्टर का बड़ा उल्लंघन बताया।

निकोलस मादुरो के सपोर्ट में डेल्सी

डेल्सी ने कहा था, 'इस देश में सिर्फ एक ही राष्ट्रपति है, और उनका नाम है निकोलस मादुरो।' इसके अलावा, अमेरिकी ऑपरेशन से घबराई जनता की हिम्मत बंधाते हुए वेनेजुएला के सैन्य अधिकारियों ने अपने वीडियो मैसेज में आक्रामक तेवर दिखाए। ट्रंप और अमेरिका के खिलाफ कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया। साथ ही, अमेरिकी प्रेशर का सामना करने की कसम खाई।

क्या अमेरिका से सहयोग करेंगी डेल्सी?

डेल्सी ने अपनी टेलीविजन स्पीच के दौरान उस सवाल को भी इग्नोर किया, जिसमें उनसे ये पूछा गया था कि क्या आप अमेरिका के साथ सहयोग करेगी। डेल्सी ने अनुरोध करने पर भी इस बात का जवाब नहीं दिया। इसके अलावा, डेल्सी ने ये जरूर कहा, 'वेनेजुएला के साथ जो हो रहा है, वह अत्याचार है। अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन है।

ये भी पढ़ें- 

Exclusive: वेनेजुएला और अमेरिका के बीच तेल-ड्रग और घुसपैठियों ने कैसे कराई दुश्मनी, जंग छिड़ी तो कौन सा देश देगा मादुरो का साथ? एक्सपर्ट से जानें सबकुछ

अमेरिका ने 36 साल बाद दोहराया कांड! मादुरो से पहले तो तानाशाह नोरिएगा को लाउडस्पीकर से डराकर किया था गिरफ्तार