Fact Check: इन दिनों सोशल मीडिया पर किसी भी बात को गलत दावे के साथ पेश करना बहुत ही आसान है। हालांकि इसका बहुत ज्यादा नुकसान भी होता है और ये खतरनाक है। फेक खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाती हैं। इन्हीं फेक न्यूज से आपको सावधान करने के लिए हम लेकर आते हैं India TV फैक्ट चेक। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक सभा के दौरान कहा कि हिंदू धर्म हमारा नहीं है। ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
क्या हो रहा है वायरल?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पोस्ट में राहुल गांधी के बयान की 14 सेकेंड की एक क्लिप को दिखाया गया है। इसके साथ ही पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी ने एक सभा के दौरान कहा कि हिंदू धर्म हमारा नहीं है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक यूजर ने इस वीडियो को शेयर किया है। इसके साथ ही वीडियो के कैप्शन में लिखा है, 'हिंदू धर्म हमारा धर्म नहीं है.. ये तो सिर्फ हिन्दुओं को ठगने और देश को लुटने के लिए अपनाया है। हम तो बाबर के वंशज हैं, हमारे दादी तक अफगानिस्तान जाकर बाबर के मंजार पर सिर झुका कर आई है। तेरा तो जो सरनेम है गांधी.. वो भी तेरा नहीं है...'
Image Source : screenshotवायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट।
फैक्ट चेक
चूंकि वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा था, इसलिए हमने दावे की जांच करने का फैसला किया। दावे की सत्यता जानने के लिए हमने Google कीवर्ड सर्च किया। इस दौरान हमें इसी वीडियो क्लिप से संबंधित इसकी पूरी वीडियो यूट्यूब पर मिली। ये पूरी वीडियो 38.38 मिनट की थी जो इंडियन नेशनल कांग्रेस के यूट्यूब चैनल पर अपलोड की गई थी। इस वीडियो में 29.53 मिनट पर वायरल क्लिप में कही गई बात बोली गई है। हालांकि वायरल क्लिप में अधूरी बात को गलत तरीके से कट करके अपलोड किया गया है।
Image Source : screenshotकांग्रेस द्वारा पोस्ट की गई पूरी वीडियो का स्क्रीनशॉट।
ओरिजिनल वीडियो में राहुल गांधी 29.53 मिनट पर कहते हैं, "टीकाराम जूली हमारे सीएलपी हैं राजस्थान के, दलित हैं, मंदिर गए थे। उनके मंदिर में जाने के बाद बीजेपी के नेताओं ने मंदिर को साफ करवाया, धुलवाया। और वो अपने आपको हिन्दू कहते हैं। एक दलित व्यक्ति को मंदिर में जाने का अधिकार नहीं देते हैं और जब जाता है तो फिर मंदिर को धुलवाते हैं। ये हमारा धर्म नहीं है। हम भी अपने आपको हिन्दू कहलाते हैं, मगर ये हमारा धर्म नहीं है। हमारा धर्म वो है जो हर व्यक्ति का आदर करता है और हर व्यक्ति को रिस्पेक्ट देता है।"
फैक्ट चेक में क्या निकला?
India TV की ओर से किए गए फैक्ट चेक में सामने आया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट के साथ किया जा रहा दावा गलत है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट को राहुल गांधी और हिंदू धर्म से जोड़कर बताया जा रहा है। हालांकि फैक्ट चेक में ये दावा गलत निकला। सोशल मीडिया पर गलत दावे के साथ इस पोस्ट को वायरल किया जा रहा था, इसलिए लोगों को ऐसी किसी भी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है। India TV के फैक्ट चेक में वायरल हो रही इस पोस्ट का दावा झूठा निकला।
यह भी पढ़ें-
Fact Check: क्या सच में केंद्र सरकार 'PM मोदी AC योजना 2025' के तहत फ्री में 5 स्टार एसी दे रही है? वायरल हो रहे दावे की जानें सच्चाई
Fact Check: पुलिस की टीम पर पत्थरबाजी! पश्चिम बंगाल की घटना बताकर वीडियो वायरल, जानिए क्या है दावे की सच्चाई?