1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: क्या सच में केंद्र सरकार 'PM मोदी AC योजना 2025' के तहत फ्री में 5 स्टार एसी दे रही है? वायरल हो रहे दावे की जानें सच्चाई

Fact Check: क्या सच में केंद्र सरकार 'PM मोदी AC योजना 2025' के तहत फ्री में 5 स्टार एसी दे रही है? वायरल हो रहे दावे की जानें सच्चाई

 Published : Apr 20, 2025 06:32 pm IST,  Updated : Apr 20, 2025 06:32 pm IST

Fact Check: कई सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि केंद्र सरकार 'पीएम मोदी एसी योजना 2025' के तहत मुफ्त 5-स्टार एयर कंडीशनर दे रही है। जब हमने इस दावे की जांच की सच कुछ और ही पाया।

फैक्ट चेक- India TV Hindi
फैक्ट चेक Image Source : SOCIAL MEDIA

Fact Check: सोशल मीडिया पर आए दिन कोई न कोई वीडियो या फोटो वायरल होती रहती हैं। इनमें से कई का तो सच्चाई से दूर-दर तक नाता नहीं होता। या यूं कहें कि पोस्ट और वीडियो को गलत या भ्रामक दावे से वायरल किया जाता है। ऐसे ही हाल में कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स ने दावा किया है कि केंद्र सरकार ‘पीएम मोदी एसी योजना 2025’ नामक एक योजना के तहत 5-स्टार एयर कंडीशनर दे रही है, और वितरण के लिए 1.5 करोड़ एसी की व्यवस्था पहले ही कर ली गई है। हालांकि, जब हमने वायरल दावे की जांच की तो पाया कि यह पूरी तरह से झूठ है।

क्या वायरल हो रहा है?

सोशल मीडिया पर एक मैसेज वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि सरकार पीएम मोदी एसी योजना के तहत 1.5 करोड़ एयर कंडीशनर का बड़े पैमाने पर वितरण शुरू करने की तैयारी कर रही है। वायरल मैसेज के अनुसार, यह योजना मई 2025 में शुरू होने की उम्मीद है और बिजली मंत्रालय ने कथित तौर पर वितरण के लिए एसी इकाइयों की व्यवस्था पहले ही कर ली है। यह मैसेज उपयोगकर्ताओं को इसे व्यापक रूप से साझा करने और भविष्य के अपडेट के लिए किसी विशेष अकाउंट को फ़ॉलो करने के लिए भी प्रोत्साहित करता है।

फैक्ट चेक
Image Source : SOCIAL MEDIAफैक्ट चेक

इंस्टाग्राम यूजर upsc_matter ने पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि भारत सरकार पीएम मोदी एसी योजना 2025 के तहत सभी को मुफ्त में 5-स्टार एसी देगी। यूजर ने आगे दावा किया कि रिपोर्ट के अनुसार यह योजना मई के करीब लॉन्च की जाएगी। इंस्टाग्राम यूजर ने यह भी दावा किया कि इसके कारण भारत में एसी की भारी कमी हो जाएगी क्योंकि इस योजना के लिए 1.5 करोड़ एसी तैयार किए गए हैं। आपके अनुरोध को स्वीकार करने के बाद, आपको 30 दिनों के भीतर एक नया एसी इंस्टॉल हो जाएगा। "भारत सरकार जल्द ही सभी को मुफ्त एसी देगी! कार्बन उत्सर्जन को कम करने और लोगों के बिजली के बिलों को कम करने की इस शानदार योजना के तहत यह नई पीएम मोदी एसी योजना इसमें मदद करेगी!" यूजर ने पोस्ट को कैप्शन दिया।

कैसे पता लगी सच्चाई?

चूंकि यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही थी, इसलिए हमने दावे की जांच की। कई आधिकारिक स्रोतों की जांच करने के बाद, हमें तथाकथित पीएम एसी योजना 2025 से संबंधित कोई अधिसूचना या औपचारिक घोषणा नहीं मिली। हालांकि, जांच के दौरान हमें आधिकारिक पीआईबी (प्रेस सूचना ब्यूरो)के एक्स हैंडल से एक पोस्ट मिली, जिसमें दावे को स्पष्ट रूप से वायरल दावे को खारिज किया गया।

PIB ने X पर एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बताया, "सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से शेयर की जा रही एक पोस्ट में दावा किया गया है कि एक नई योजना 'पीएम मोदी एसी योजना 2025' के तहत सरकार मुफ्त 5-स्टार एयर कंडीशनर प्रदान करेगी और 1.5 करोड़ एसी पहले ही तैयार हो चुके हैं।" इसमें कहा गया है कि "उनका दावा #FAKE है। बिजली मंत्रालय द्वारा मुफ्त 5-स्टार एयर कंडीशनर प्रदान करने वाली ऐसी कोई योजना की घोषणा नहीं की गई है।"

फैक्ट चेक में क्या निकला?

इंडिया टीवी द्वारा किए गए फैक्ट चेक से पुष्टि हुई है कि यह दावा झूठा है। सोशल मीडिया पर 'पीएम मोदी एसी योजना 2025' के तहत मुफ्त 5-स्टार एसी के वितरण के बारे में वायरल पोस्ट पूरी तरह से फर्जी है। ऐसे में लोगों को सलाह दी जाती है कि वे ऐसी गलत सूचनाओं से सावधान रहें और कैसी बी भ्रामक पोस्ट के झांसे में न आएं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। फैक्ट चेक से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।